जांजगीर-चांपा संवाददाता राजेंद्र जयसवाल
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों की बैठक लेकर दी विस्तृत जानकारी
जांजगीर-चांपा 21 फरवरी 2026/ भारत निर्वाचन आयोग नई-दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन रायपुर के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम – 2026 संपन्न कराया गया है। जिसके अंतर्गत एकीकृत मतदाता सूची (निर्वाचक-नामावली) का प्रारंभिक प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को किया गया था। तद्उपरांत पुनरीक्षण गतिविधियों जैसे-दावा आपत्ति प्राप्त करना, निराकरण की कार्यवाही करना इत्यादि पूर्ण की गई है। आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन आज 21 फरवरी 2026 (शनिवार) को किया गया।

इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजनैतिक दलों की बैठक लेकर निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। जिला स्तर पर मतदाता सूची की 01 फोटोयुक्त प्रति (हार्डकापी) एवं 01 फोटोरहित प्रति सॉफ्टकापी डीव्हीडी (बिना फोटो की, इमेज पीडीएफ फॉर्मेट) सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों को निःशुल्क प्रदान की गई है। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम जांजगीर श्री सुब्रत प्रधान, निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री राकेश प्रधान, एसडीएम पामगढ़ श्री देवेन्द्र चौधरी, एसडीएम श्री पवन कोसमा, श्री शिशिर द्विवेदी, श्री जगमोहन पाटले, श्री ईश्वर राठौर, डॉ हेमंत कश्यप, श्री पुष्पेन्द्र निर्मलकर, श्री कमला प्रसाद खुंटे सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।









