बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
बीजापुर, 23 फरवरी 2026।
“बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है” — इस संदेश के साथ छत्तीसगढ़ राज्य मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष श्री गिरधारी नायक ने जिला अस्पताल बीजापुर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान श्री नायक ने ओपीडी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, एक्स-रे, सोनोग्राफी एवं पैथोलॉजी लैब सहित विभिन्न विभागों का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल में पदस्थ डॉक्टरों, विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य अमले की उपलब्धता की जानकारी ली और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं के संबंध में विस्तार से समीक्षा की।
कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने बताया कि डीएमएफ एवं एनएचएम के सहयोग से विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में आमजन को सुगमतापूर्वक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।
अध्यक्ष श्री नायक ने अस्पताल परिसर में संचालित पोषण पुनर्वास केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां गंभीर कुपोषित बच्चों को विशेष निगरानी में रखकर उपचार एवं पोषण आहार के माध्यम से कुपोषण से बाहर लाने की प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों की देखभाल, भोजन व्यवस्था एवं स्वास्थ्य निगरानी व्यवस्था की सराहना करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी, सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर सहित अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्य अमला उपस्थित रहे।
अध्यक्ष श्री गिरधारी नायक ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार और पारदर्शिता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, ताकि प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक और समय पर उपचार मिल सके।









