स्टेशन रोड गुरुद्वारा में सिख समाज ने पुष्पवर्षा कर दी भावुक विदाई, यात्रियों के लिए भोजन और नाश्ते की भी व्यवस्था
संवाददाता रघुराज | रायपुर
रायपुर। सामाजिक समरसता, भाईचारे और सेवा भावना की मिसाल पेश करते हुए तेलुगु वेलफेयर सोसाइटी, रायपुर का 200 से अधिक श्रद्धालुओं का जत्था बुधवार को अमृतसर के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु रायपुर रेलवे स्टेशन से छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के माध्यम से पंजाब की धार्मिक यात्रा पर निकले। यात्रा के दौरान श्रद्धालु श्री हरिमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) सहित अमृतसर के प्रमुख ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे।
यात्रा को लेकर रायपुर रेलवे स्टेशन पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब के अध्यक्ष दलजीत सिंह चावला के नेतृत्व में सिख समाज के प्रतिनिधिमंडल ने स्टेशन पहुंचकर यात्रियों का पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान यात्रियों को सुखद और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दी गईं।
सिख समाज ने यात्रियों के लिए किया भोजन और नाश्ते का इंतजाम
यात्रा पर रवाना हो रहे 200 से अधिक श्रद्धालुओं के लिए सिख समाज की ओर से रास्ते के लिए नाश्ता, चाय और भोजन की व्यवस्था की गई। गुरुद्वारा प्रबंधन और समाज के कार्यकर्ताओं ने यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा। सिख समाज की ओर से किए गए इस सेवा भाव को लेकर तेलुगु वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों ने आभार जताया।
तेलुगु वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों ने कहा कि विभिन्न भाषा और संस्कृति से जुड़े लोगों का एक-दूसरे के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में सहभागी बनना सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करता है।
गणमान्य नागरिकों ने यात्रियों को दी शुभकामनाएं
विदाई समारोह में समाजसेवी बसंत अग्रवाल और पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उन्होंने यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें माला पहनाई और अमृतसर यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने कहा कि रायपुर सभी समाजों को साथ लेकर चलने के लिए जाना जाता है। तेलुगु वेलफेयर सोसाइटी द्वारा सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जोड़ने का प्रयास सराहनीय है।
समाजसेवी बसंत अग्रवाल ने कहा कि धार्मिक यात्राएं लोगों को आध्यात्मिक शांति के साथ समाज सेवा की प्रेरणा भी देती हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की।
टी गोपी और के सत्या बाबू के नेतृत्व में यात्रा
तेलुगु वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष टी गोपी और महासचिव के सत्या बाबू के नेतृत्व में अमृतसर यात्रा का आयोजन किया गया है। संस्था की ओर से यात्रियों के आवास, भोजन और दर्शन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की गई हैं।
अध्यक्ष टी गोपी ने बताया कि सोसाइटी की ओर से समय-समय पर धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक यात्राओं का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि अमृतसर सेवा, समर्पण, त्याग और समानता की भावना से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक केंद्र है। यात्रा के दौरान श्री हरिमंदिर साहिब में मत्था टेककर समाज और जरूरतमंदों की सेवा के लिए और अधिक शक्ति की प्रार्थना की जाएगी।
महासचिव के सत्या बाबू ने बताया कि जत्थे में समाज के बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं सहित 200 से अधिक लोग शामिल हैं। उन्होंने यात्रा के लिए सहयोग और यात्रियों को विदाई देने पहुंचे सिख समाज, दलजीत सिंह चावला, कुलदीप जुनेजा, बसंत अग्रवाल सहित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
अमृतसर में धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का करेंगे भ्रमण
रायपुर से रवाना हुआ यह जत्था अमृतसर पहुंचकर श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शन करेगा। इसके अलावा श्रद्धालु जलियांवाला बाग और वाघा बॉर्डर सहित प्रमुख ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण करेंगे।
तेलुगु वेलफेयर सोसाइटी की यह यात्रा धार्मिक दर्शन के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव का भी संदेश दे रही है। दक्षिण भारत से जुड़े तेलुगु समाज का पंजाब के अमृतसर की यात्रा पर जाना और रायपुर का सिख समाज उन्हें स्टेशन पहुंचकर विदाई देना आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का उदाहरण बना।







