Home चर्चा में सर्राफा व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर रतनपुर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

सर्राफा व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर रतनपुर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

40
0

रतनपुर संवाददाता – विमल सोनी

रतनपुर। पुलिस अधीक्षक जिला बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशानुसार जिला बिलासपुर के रतनपुर थाना परिसर में सर्राफा व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य सर्राफा व्यापारियों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश देना तथा आपसी समन्वय को मजबूत करना रहा।

बैठक में रतनपुर सराफा संघ के सदस्य, अन्य गांवों से आए सर्राफा व्यापारीगण एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान थाना प्रभारी नीलेश पांडे द्वारा व्यापारियों को आभूषणों की बिक्री एवं लेन-देन के समय विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने तथा सुरक्षा से संबंधित निर्धारित मापदंडों का पालन करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

थाना प्रभारी ने सभी प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे सुव्यवस्थित एवं चालू अवस्था में रखने, उच्च गुणवत्ता वाले कैमरों के उपयोग, अलार्म सिस्टम लगाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा दुकान के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की सलाह दी। इसके साथ ही बड़ी राशि के लेन-देन के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने एवं किसी भी संदिग्ध स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।

बैठक में उपस्थित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भी व्यापारियों के सुझाव सुने गए तथा आपसी सहयोग और समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया गया। थाना प्रभारी नीलेश पांडे ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि सर्राफा व्यापारियों की सुरक्षा के लिए नियमित पेट्रोलिंग, सघन चेकिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी लगातार जारी रहेगी।

रतनपुर पुलिस द्वारा सर्राफा व्यापारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सतत कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी यह दिशा-निर्देश एवं सुरक्षा संबंधी कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here