Home चर्चा में अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के दिए निर्देश...

अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के दिए निर्देश आवास निर्माण में लक्ष्यात्मक प्रगति लाना करें सुनिश्चित:- जिला पंचायत सीईओ

26
0
 बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
बलरामपुर, 02 मार्च 2026/ जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास, पीएम जनमन, स्वास्थ्य, राजस्व प्रकरण सहित शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती तोमर ने बैठक में राजस्व विभाग के अंतर्गत अनुविभाग एवं तहसीलवार लंबित प्रकरणों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने लोक सेवा केंद्र में लंबित प्रकरणों, अविवादित-विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, अभिलेख सुधार, सीमांकन, आधार प्रविष्टि एवं भू-अर्जन से संबंधित मामलों की बिंदुवार जानकारी ली। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि सभी लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने पीजी पोर्टल, जनशिकायत, समय-सीमा प्रकरण एवं हाई कोर्ट में लंबित प्रकरणों का भी त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि राज्य शासन द्वारा आवास निर्माण की निरंतर समीक्षा की जा रही है। इसलिए जिले में स्वीकृत सभी आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा पूर्ण आवासों में अनिवार्य रूप से सीसी प्रविष्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम जनमन आवास एवं प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की प्रगति की जानकारी लेते हुए स्वीकृत कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने को कहा। साथ ही मनरेगा अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों को में भी तेजी लाने के निर्देश दिये।
सीईओ श्रीमती तोमर ने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत एएनसी रजिस्ट्रेशन, संस्थागत प्रसव, मोबाइल मेडिकल यूनिट के अंतर्गत लाभान्वित जनसंख्या, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत जांच एवं उपचार, मौसमी बीमारियों की जांच की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती माताओं के समय पर पंजीयन एवं नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत चिन्हित बच्चों के उपचार में गंभीर बीमारियों से ग्रसित बच्चों को समय पर उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने के निर्देश भी दिये। इस दौरान उन्होंने आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ ने केसीसी एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र किसानों को किसान हितैषी योजनाओं से लाभान्वित करें।
बैठक में अवैध खनन एवं परिवहन को लेकर जिला पंचायत सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जा सके। इस दौरान स्वच्छ भारत मिशन एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने तथा लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री आर.एस. लाल, सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here