Home कवर्धा बच्चा चोर के शक में 17 वर्षीय किशोर की पिटाई, अगले दिन...

बच्चा चोर के शक में 17 वर्षीय किशोर की पिटाई, अगले दिन सड़क पर मिला शव

8
0

मध्यप्रदेश के मंडला जिले से मॉब लिंचिंग की एक बेहद क्रूर और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बच्चा चोर होने की अफवाह के चलते ग्रामीणों की भीड़ ने एक किशोर को पकड़कर बेरहमी से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल किशोर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अगले दिन उसका शव सड़क पर मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार यह घटना 26 फरवरी की बताई जा रही है। मंडला जिले के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बरखेड़ा गांव में बच्चा चोर होने की अफवाह फैल गई थी। इसी दौरान गांव के लोगों ने एक किशोर को संदिग्ध समझकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। भीड़ की इस हिंसा में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया था।

घटना के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन अगले दिन सुबह करीब 10:30 बजे उसका शव सड़क पर पड़ा मिला। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के ग्राम कुकरापानी निवासी 17 वर्षीय अमरलाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद उसके परिजन मंडला जिले के बिछिया पहुंचे और शव की शिनाख्त की।

परिजनों के अनुसार अमरलाल मानसिक रूप से दिव्यांग था और कुछ दिन पहले ही घर से गुमशुदा हो गया था। परिवार ने बताया कि वह भटकते हुए संभवतः इस इलाके में पहुंच गया था, जहां अफवाह के चलते भीड़ का शिकार हो गया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here