Home चर्चा में रायपुर में बम ब्लास्ट की धमकी, तमिलनाडु से पासपोर्ट कार्यालय को आया...

रायपुर में बम ब्लास्ट की धमकी, तमिलनाडु से पासपोर्ट कार्यालय को आया ई-मेल

83
0

रायपुर। राजधानी रायपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पासपोर्ट कार्यालय में बम  उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। अज्ञात व्यक्ति ने ई-मेल के जरिए कार्यालय को 12 बमों से उड़ाने की धमकी दी है। जैसे ही इसकी जानकारी पुलिस और प्रशासन को मिली, तुरंत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया।

धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। पासपोर्ट कार्यालय परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और वहां सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के लिए पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है।

मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया, जो कार्यालय और आसपास के क्षेत्र में बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अब तक किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर जांच जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमकी भरा ई-मेल तमिलनाडु से भेजा गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। तकनीकी जांच के जरिए मेल के स्रोत और आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here