जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेन्द्र जयसवाल
जांजगीर-चांपा।
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता एवं समाजसेवी इंजीनियर रवि पाण्डेय के प्रयासों से जांजगीर के 24 वर्षीय अमित राठौर को गंभीर बीमारी अप्लास्टिक एनीमिया के इलाज के लिए बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत 12.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। राशि स्वीकृत होने के बाद अमित राठौर का इलाज रायपुर के दावड़ा कॉलोनी स्थित संजीवनी कैंसर केयर हॉस्पिटल (यूनिट-2) में शुरू हो गया है।
जानकारी के अनुसार अमित राठौर अपनी माता पुष्पलता राठौर के साथ आई.बी. रेस्ट हाउस, नहर पार जांजगीर में निवास करता है। पिता के निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई थी। अमित अपने रिश्तेदारों के निजी व्यवसाय में काम कर जीवनयापन कर रहा था। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने पर जांच कराई गई, जिसमें उसे अप्लास्टिक एनीमिया जैसी गंभीर बीमारी होने का पता चला।

डॉक्टरों ने बताया कि इस बीमारी का उपचार बोन मैरो ट्रांसप्लांट से संभव है, जबकि मैचिंग डोनर न मिलने की स्थिति में एटीजी इंजेक्शन के माध्यम से इलाज किया जाता है। इलाज का खर्च अधिक होने के कारण अमित की माता काफी चिंतित हो गईं और समाजसेवी इंजीनियर रवि पाण्डेय से उनके जनसंपर्क कार्यालय में मिलकर मदद की गुहार लगाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंजीनियर रवि पाण्डेय ने तत्काल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत आर्थिक सहयोग प्रदान करने का निवेदन किया तथा पूरी प्रक्रिया पूर्ण होने तक राठौर परिवार की लगातार मदद की। इस बीच अमित की तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत संजीवनी कैंसर केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा।
इंजीनियर पाण्डेय स्वयं अस्पताल पहुंचकर अमित से मुलाकात की और नया रायपुर स्थित आयुष्मान भारत कार्यालय जाकर प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने का आग्रह किया। अंततः मुख्यमंत्री द्वारा इलाज हेतु 12.50 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कर दी गई।
अमित की माता पुष्पलता राठौर ने दूरभाष के माध्यम से इंजीनियर रवि पाण्डेय का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि उनके बेटे का उपचार शुरू हो चुका है।
इस अवसर पर इंजीनियर रवि पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की संवेदनशीलता और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण ही जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल पा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि साय सरकार आगे भी जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहेगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी इंजीनियर रवि पाण्डेय कई जरूरतमंद परिवारों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाकर राहत पहुंचा चुके हैं।







