Home चर्चा में जुआ केस पर चढ़ा सियासी रंग, कवासी लखमा ने लॉज मालिक को...

जुआ केस पर चढ़ा सियासी रंग, कवासी लखमा ने लॉज मालिक को बताया भाजपा का नेता

8
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा

लॉज होटल पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई पूर्व मंत्री लखमा ने 
सरकार के संरक्षण में चल रहे हैं अवैध कारोबार 
जगदलपुर। विधायक एवं पूर्व मंत्री कवासी लखमा ने भाजपा और साय सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि कोंटा के जिस लॉज होटल में जुए का बड़ा मामला पकड़ा गया है, उस लॉज होटल का मालिक मुरली भाजपा का नेता है। प्रदेश में अवैध कारोबारों को भाजपा सरकार का संरक्षण प्राप्त है।

पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने यह बयान उड़ीसा के मल्कानगिरी से जारी किया है। आबकारी घोटाला मामले में फंसे कवासी लखमा को सुप्रीम कोर्ट से सशर्त अंतरिम जमानत मिली हुई है। इसी शर्त के तहत वे अपने निर्वाचन क्षेत्र कोंटा से दूर उड़ीसा के मलकानगिरी में निर्वासित जीवन व्यतीत कर रहे हैं। वैसे मलकानगिरी शहर सुकमा जिले के कोंटा से ज्यादा दूर नहीं है। दो दिन पहले सुकमा जिला पुलिस ने आरएसएन लॉज में जुए का बड़ा मामला पकड़ा था। अड्डे से लॉज मालिक सहित तेलंगाना और आंध्रप्रदेश के 22 जुआरी पकड़े गए थे। पुलिस ने मौके से दो लाख नगद समेत कुल 11 लाख 50 हजार 400 रुपए की संपत्ति बरामद की थी। कोंटा के विधायक एवं पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा का बयान आने के बाद इस मामले पर राजनीतिक रंग चढ़ गया है।

कवासी लखमा ने कहा है कि बीजेपी के वरिष्ठ नेता मुरली का होटल अंतर्राज्यीय जुआ व गांजा का अड्डा है। उसके लॉज और होटल पर बुलडोजर चलना चाहिए। कवासी लखमा ने आगे कहा है कि अफीम का खेती दुर्ग से लेकर रायगढ़ तक चल रही है। छत्तीसगढ़ पहले धान का कटोरा हुआ करता था, नारा लगता था छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया। मगर भाजपा के राज में सब कुछ चौपट हो गया है। धान के कटोरे में अफीम की खेती हो रही है, अंतर्राज्यीय जुआ अड्डे चल रहे हैं। श्री लखमा ने कहा कि इस तरह के अवैध व्यापार को सरकार का संरक्षण है। मैं इसकी निंदा करता हूं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here