बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
राम नवमी की तैयारी, 27 को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
सांस्कृतिक और धार्मिक बदलाव की बयार
विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल का बड़ा आयोजन
जगदलपुर । बस्तर की जिस धरा पर कभी लाल सलाम की गूंज सुनाई देती थी, हिंदू देवी देवताओं की मूर्तियां तोड़ दी जाती थीं और हिंदू पर्व त्यौहार मनाने पर पाबंदी लगा दी जाती थी, उस धरा पर अब जय श्रीराम की गूंज सुनाई दे रही है। बस्तर में अब विकास के साथ साथ सांस्कृतिक और धार्मिक बदलाव की बयार भी बहने लगी है।
इसी क्रम में विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल द्वारा गांव-गांव में राम जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। जगदलपुर में राम नवमी की तैयारी के लिए साडगुड़, अलनार, जमावाड़ा, बिलोरी और तरईगुडा़ में बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में मातृशक्ति और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
बैठकों में संगठन की नीतियों और विचारधारा को घर-घर पहुंचाने का आग्रह किया गया। विभाग अर्चक पुरोहित पंकज मिश्रा ने कहा कि राम के काज को सफल बनाने के लिए सभी को संगठन का साथ देना होगा और शोभायात्रा में शामिल होना होगा। उन्होंने कहा कि राम नवमी का यह पर्व हमें सनातन संस्कृति की रक्षा और प्रचार के लिए प्रेरित करता है। जिला मंत्री नवीन देवांगन ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल धर्म की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और इस वर्ष राम नवमी में बस्तर की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए जनजातीय नृत्य और परंपरा को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बजरंग दल के कार्यकर्ता गांव-गांव में जाकर लोगों को राम नवमी के महत्व के बारे में जागरूक कर रहे हैं। जिला उपाध्यक्ष प्रेम चालकी ने बताया कि बस्तर के ग्रामीणों को धर्मांतरण से बचाने के लिए काम किया जा रहा है और घर वापसी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बजरंग दल के कार्यकर्ता गौ तस्करी को रोकने और गौ सेवा के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।जिला संयोजक विष्णु ठाकुर ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि बजरंग दल सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए तैयार है। उन्होंने 27 मार्च को निकलने वाली राम नवमी शोभायात्रा में शामिल होने का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि यह शोभायात्रा बस्तर की संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रतीक होगी। इस अवसर पर बजरंग दल के कार्यकर्ता, ग्रामवासी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। बैठक में विशेष रूप से मातृशक्ति एवं युवाओं की उपस्थिति एवं उत्साह देखने को मिला। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने लोगों से संपर्क कर राम नवमी के आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया।







