गुरदीप सिंह/कोरबा –
कर्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में विंटर ओलंपिक खेल में शामिल कर्लिंग खेल का प्रशिक्षण शिविर हिमाद्री आईस रिंक देहरादून, उत्तराखंड में लेवल 1 – 26 से 28 मार्च तक एवं ओपन कर्लिंग प्रशिक्षण शिविर 31 मार्च से 4 अप्रैल तक आयोजित किया जा रहा है जिसमे छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने भी प्रशिक्षण प्राप्त कर लेवल 1 का दर्जा हासिल किया है। यह प्रशिक्षण शिविर राष्ट्रीय महासंघ की अध्यक्षा डॉ रश्मि सलूजा, महासचिव श्री शौकत रसूल एवं श्री पी एन राजू चैयरमेन एथलीट कमिसन के सतत निरीक्षण में प्रदान किया जा रहा है।
श्री पी एन राजू कनाडा से भारत प्रशिक्षण प्रदान करने पहुँचे हुए है जहां वे खिलाड़ियों को कर्लिंग खेल की स्किल एवं बारीकियों को सीखा रहें हैं एवं गलतियों को सुधारा जा रहा है।

कमलेश देवांगन अध्यक्ष छत्तीसगढ़ कर्लिंग एसोसिएशन ने अध्यक्ष डॉ रश्मि सलूजा एवं चैयरमेन एथलीट कमिसन श्री पी एन राजू के हवाले से बताया कि बर्फ पर रणनीतिक और शारीरिक सामंजस्य, बैलेन्स के साथ खेला जाने वाला कर्लिंग खेल अंतराष्ट्रीय ओलिम्पिक संघ से मान्यता प्राप्त है एवं विंटर ओलिंपिक, पैरालिम्पिक, एशियाई खेल जैसे उच्चतम स्तर में खेला जाता है। पिछले 4 सालों से कर्लिंग खेल का प्रशिक्षण गुलमर्ग, जम्मू कश्मीर में प्रदान किया जाता रहा है। यह प्रथम समय है जब खेल का प्रशिक्षण कृत्रिम आइस रिंक पर प्रदान किया जा रहा है। जिसमे भारत भर से 90 खिलाड़ी ओपन प्रशिक्षण शिविर एवं 30 से अधिक कोच लेवल 1 का प्रशिक्षण प्राप्त करने शिविर में उपस्थित हुए हैं। इस अंतरराष्ट्रीय रिंक से प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
कोरबा से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नोवेल कुमार साहू, हर्ष वैष्णव एवं कुमारी रागिनी के प्रदर्शन से अभिभूत कर्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने खिलाड़ियों को सर्टिफिकेट प्रदान कर आगामी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।







