खरगोन से सामने आए मामले में महाकुंभ के दौरान वायरल हुई “कुंभ वायरल गर्ल” मोनालिसा को लेकर बड़ा अपडेट आया है। राष्ट्रीय जनजातीय आयोग की जांच में यह सामने आया है कि मोनालिसा नाबालिग है, जिससे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला तब सुर्खियों में आया जब सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मोनालिसा की शादी और उससे जुड़े विवाद चर्चा में आ गए थे। इसके बाद गौतम बुद्ध नगर के समाजिक कार्यकर्ता प्रथम दुबे ने राष्ट्रीय जनजातीय आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य के समक्ष शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर 17 मार्च को आयोग ने जांच टीम गठित की थी।
जांच के दौरान महेश्वर के शासकीय अस्पताल के रिकॉर्ड सामने आए, जिनमें मोनालिसा की जन्म तिथि 30 दिसंबर 2009 दर्ज पाई गई। इन दस्तावेजों के अनुसार, वह घटना के समय नाबालिग थी। इस खुलासे के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
इधर, मोनालिसा के परिवार की ओर से भी महेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें एक व्यक्ति पर अपहरण और शादी का झांसा देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामले में POCSO एक्ट सहित कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं और संबंधित पक्षों की ओर से लगातार बयान सामने आ रहे हैं, और अब जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।







