आरंग संवाददाता – सोमन साहू
आरंग: राजधानी के ग्रामीण इलाकों में किसानों के हक और सम्मान की रक्षा के लिए युवा कांग्रेस का ‘किसान न्याय सत्याग्रह’ दूसरे दिन भी पूरी आक्रामकता के साथ जारी रहा। कड़कती धूप और विपरीत मौसम के बावजूद रायपुर ग्रामीण जिला युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस आंदोलन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष सजल चंद्राकर कर रहे हैं।
सत्याग्रह के दूसरे दिन पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया विशेष रूप से धरना स्थल पर पहुँचे। उन्होंने न केवल कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया, बल्कि लगभग तीन घंटे तक धरने पर बैठकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
धरना स्थल को संबोधित करते हुए डॉ. शिव कुमार डहरिया ने केंद्र की मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा:
“केंद्र सरकार ने अमेरिका के साथ जो नई ट्रेड डील की है, वह सीधे तौर पर भारतीय किसानों की कमर तोड़ने वाली है। यह पिछले कृषि कानूनों से भी अधिक खतरनाक है, जिन्हें भारी जन-आंदोलन के बाद वापस लेना पड़ा था। इस डील से सस्ते विदेशी उत्पादों का आयात बढ़ेगा, जिससे हमारे स्थानीय किसानों की फसल के दाम गिरेंगे और मंडी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो जाएगी।”
डॉ. डहरिया ने चेतावनी देते हुए कहा कि इस नीति का असर केवल खेती तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि न्यूनतम समर्थन मूल्य की व्यवस्था कमजोर होगी साथ ही सस्ते आयात से पशुपालकों और डेयरी व्यवसाय को भारी नुकसान होगा। छोटे किसान कर्ज के जाल में फंसेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाएगी।
इस सत्याग्रह का नेतृत्व कर रहे युवा कांग्रेस रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष सजल चंद्राकर ने हुंकार भरते हुए कहा कि किसान इस देश की रीढ़ हैं और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता, युवा कांग्रेस चैन से नहीं बैठेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल एक धरना नहीं, बल्कि किसानों के अधिकारों की बहाली तक चलने वाला एक निरंतर संघर्ष है।हम किसानों की आवाज को दबने नहीं देंगे। यह लड़ाई सड़क से शुरू हुई है और इसे सदन तक लेकर जाएंगे।” इस दौरान लोखमणि कोशले,खिलावन निषाद ,कोमल साहू ,शरद गुप्ता ,ईश्वर पटेल ,सूरज सोनकर ,चंद्रहास साहू , हीरामन साहू , मंगलमूर्ति अग्रवाल , ओम प्रकाश यादव , हरी बंजारे , भरत लोधी , चम्मन कोशले , शुभांशु साहू , पोषण साहू , आर्यन जोशी , शेखर लोधी , परस चंद्राकर , मुकेश लोधी , जय डहरिया,अनुज मिश्रा , सौम्या सोनी , दीपांकन यादव सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे, जिन्होंने सरकार विरोधी नारेबाजी कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।







