गढ़ कोपरा क्षेत्र के पालीग्राम बानगांव स्थित सामाजिक भवन में मां दंतेश्वरी माई की पूजा-अर्चना के साथ एक सामाजिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस आयोजन में गढ़ कोपरा, माकड़ी, कपेना, उमरगांव, बेलगांव, चिचाड़ी, बांसकोट, कोंदकेरा, सलना, बानगांव, खजरावंड, कोंगरा और पारोंड सहित विभिन्न गांवों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, महिलाएं एवं समाज के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम में अठारह गढ़ के अध्यक्ष लतेल राम नाईक, गढ़ कोपरा के पूर्व अध्यक्ष चमरू राम मांझी, वर्तमान अध्यक्ष अमर सिंह मांझी, कर्मचारी प्रकोष्ठ सचिव शंकर लाल राणा, सामान्य प्रकोष्ठ अध्यक्ष नोहर सिंह गागड़ा, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष हेमराज गागड़ा एवं उपाध्यक्ष भारत नाग सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में गढ़ कोपरा के पालीग्राम माकड़ी को उपगढ़ का दर्जा दिलाने के लिए आवेदन को संभाग स्तर पर प्रस्तावित करने का निर्णय लिया गया, जिसे अठारह गढ़ में पारित किया जाएगा।
इसके साथ ही कार्यक्रम का मुख्य एजेंडा सामाजिक आयोजनों, विशेषकर शादी समारोहों में डीजे पर पूर्ण रूप से रोक लगाने का रहा। इस संबंध में समाज द्वारा नोटिस जारी कर नियमों के पालन पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सामाजिक एकता और परंपराओं को बनाए रखने का संकल्प लिया गया तथा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।







