बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
राजपुर तहसील कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा अचानक वहां पहुंच गईं। दरअसल, विधायक किसी अन्य कार्यक्रम से लौटते समय तहसील कार्यालय के पास से गुजर रही थीं, तभी उनकी नजर कार्यालय परिसर में लगी ग्रामीणों की भारी भीड़ पर पड़ी। स्थिति को गंभीर देखते हुए वे तुरंत मौके पर पहुंचीं।
कार्यालय में बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने विधायक के सामने अपनी समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि जमीन संबंधी मामलों, नामांतरण, सीमांकन सहित अन्य राजस्व कार्यों में अनावश्यक देरी हो रही है, जिससे उन्हें बार-बार चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए विधायक ने तत्काल तहसीलदार को मौके पर बुलवाया और कार्यप्रणाली को लेकर जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम जनता को इस तरह परेशान करना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी लंबित मामलों का जल्द से जल्द निराकरण किया जाए और कार्यालय में व्यवस्था सुधारकर लोगों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
इस दौरान विधायक ने कुछ मामलों का मौके पर ही निराकरण करवाया और अधिकारियों को नियमित जनसुनवाई करने के निर्देश दिए।
विधायक की इस आकस्मिक कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है, वहीं ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और विधायक की पहल की सराहना की है।







