भूकंप की धरती कहे जाने वाले जापान में एक बार फिर भीषण भूचाल आया है। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.4 मापी गई है। अन्य ब्यौरे का इंतजार है। एपी की रिपोर्ट के अनुसार यह भूकंप उत्तरी जापान के तट पर आया। यह इससे पहले आए अन्य शक्तिशाली भूकंपों में से एक माना जा रहा है। भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई है।
रिपोर्ट के अनुसार उत्तर जापान के संरिकु तट के पास भूकंप के तेज झटके आए। यह भूकंप समुद्र में आया है। स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 4:53 बजे (GMT समयानुसार 07:53 बजे) भूकंप का झटका महसूस किया गया। भूकंप का केंद्र समुद्री सतह से करीब 10 किलोमीटर (6 मील) की गहराई पर था। जापान की सरकारी प्रसारक संस्था एनएचके (NHK) ने बताया कि इस क्षेत्र में 3 मीटर (10 फीट) तक ऊंची सुनामी (सागर तरंग) आने की आशंका है, जो बहुत जल्दी इस इलाके को प्रभावित कर सकती है। अभी तक सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है और स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने तथा ऊंचे इलाकों में जाने की सलाह दी है।








