आईपीएल में सीजन 19 के 33वें मुकाबले में लीग की दो सबसे सफल टीमें मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) आमने-सामने होंगी। जब फुटबॉल लीग की सबसे प्रसिद्ध और ऐतिहासिक प्रतिद्वंदी रियल मैड्रिड और बार्सिलोना के बीच मुकाबला होता है, तो उसे ‘एल क्लासिको’ कहा जाता है। उसी तरह MI वर्सेस CSK आईपीएल मैच को भी यह दर्जा मिल चुका है। दोनों के पास 5-5 आईपीएल ट्रॉफियां हैं।
MI और CSK भले ही आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीमें हैं, लेकिन इस सीजन दोनों टीमों की हालत एक जैसी है। मुंबई और चेन्नई ने आईपीएल के 19वें सीजन में 6-6 मैच अब तक खेले हैं और उनमें से सिर्फ 2-2 मैचों में ही जीत दर्ज की है। बेहतर नेट रन रेट के कारण मुंबई इंडियंस 7वें स्थान पर है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स 8वें नंबर पर काबिज है। ऐसे में सीजन के आधे मैच खेलने के बाद दोनों टीमें चाहेंगी कि कम से कम झोली में 3-3 जीत हो जाएं। यही कारण है कि मुकाबला काफी दिलचस्प होगा।
बता दें कि MI और CSK के बीच यह मुकाबला मुंबई के होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7:00 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, संभावित प्लेइंग 11, पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की पिच को आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए बेहद अनुकूल माना जाता है, जहां अक्सर हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। हालांकि नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में हल्की मदद जरूर मिलती है। यह पिच लाल मिट्टी से बनी है, जिससे इसमें अच्छा उछाल मिलता है, जो बल्लेबाजों को शॉट खेलने में सहूलियत देता है।
मौजूदा सीजन में वानखेड़े में अब तक तीन मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें सभी मैचों में टीमों ने लगभग 200 रन का बड़ा स्कोर बनाया है। इनमें से दो मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि एक मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम के नाम रहा है।
गुरुवार का मुकाबला वानखेड़े की पिच नंबर 7 पर खेला जाएगा। इस पिच पर ज्यादा बड़े स्कोर नहीं बने हैं। यहां खेले गए पिछले छह टी20 मैचों में पहली पारी का औसत स्कोर 179 रन रहा है। आंकड़ों के अनुसार, यह पिच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम के पक्ष में रही है। इन छह मैचों में से चार मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं।
नेट रन रेट की बात करें तो पहली पारी में यह 8.98 और दूसरी पारी में 8.57 रहा है, जिससे साफ है कि दूसरी पारी में बल्लेबाजी थोड़ी मुश्किल हो जाती है। शाम के समय ओस भी बड़ी भूमिका निभाती है, जिससे गेंदबाजों के लिए गेंद को ग्रिप करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है और इसका फायदा बल्लेबाजों को मिलता है। वानखेड़े स्टेडियम के रिकॉर्ड की बात करें तो यहां दोनों टीमों के बीच अब तक 13 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें मुंबई ने 8 और चेन्नई ने 5 मैच जीते हैं।








