न्यूज़36गढ़ के जनजागरूकता अभियान – मेरी जिले की समस्या, मेरा समाधान के तहत जगदलपुर के लाल बाग़ से अंजली मिश्रा ने अपनी समस्या लिखी है –
जगदलपुर के सिविल लाइन वार्ड क्रमांक-7, लालबाग क्षेत्र में स्थित सरकारी राशन दुकान की स्थिति बेहद खराब और चिंताजनक बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकान का निर्माण बेहद निम्न स्तर का किया गया है, जहां मजबूती के लिए आवश्यक गिट्टी तक नहीं डाली गई, जिससे पूरा ढांचा कमजोर और जर्जर हो चुका है।
दुकान के ठीक बगल में कचरा संग्रहण केंद्र होने के कारण यहां हमेशा बदबू और गंदगी का माहौल बना रहता है। ऐसी स्थिति में लोगों को मजबूरी में इसी वातावरण के बीच खड़े होकर राशन लेना पड़ता है, क्योंकि राशन नहीं लेने पर महीने भर का अनाज मिलने से वंचित होना पड़ सकता है।
स्थानीय निवासी अंजली मिश्रा ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक न तो किसी जनप्रतिनिधि ने और न ही अधिकारियों ने इस गंभीर समस्या पर ध्यान दिया है। दुकान की जमीन कई जगह धंस रही है, जिससे हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है। वहीं, इसी जर्जर और गंदगी भरे कमरे में खाद्यान्न रखा जा रहा है, जो स्वास्थ्य के लिहाज से भी बेहद चिंताजनक है।
लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद जिम्मेदारों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।
मांग:
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द राशन दुकान की मरम्मत, साफ-सफाई और उचित स्थान पर स्थानांतरण की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में राशन मिल सके।








