–ओम पैलेस में विभिन्न समाजों, संगठनों और कार्यकर्ताओं का जुटा हुजूम, राजा पाण्डेय बोले– विधायक बनने के बाद बेलतरा में हो रहे नए और अनूठे आयोजन, कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह
रेशमा लहरे/बिलासपुर। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की ओर से राजकिशोर नगर स्थित ओम पैलेस में आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और संगठनात्मक एकजुटता का भव्य मंच बना। समारोह में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, युवाओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने शिरकत की। दीपावली की खुशियां साझा करने के साथ इस आयोजन ने आपसी मेल-मिलाप और आत्मीय संबंधों को मजबूत करने का संदेश दिया।
समारोह में अतिथियों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
संगीतमय प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। विधायक सुशांत शुक्ला ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद किया तथा स्नेहभोज में शामिल होकर उनका कुशलक्षेम जाना।
राजा पाण्डेय ने की सुशांत शुक्ला के आयोजनों की सराहना
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय ने विधायक सुशांत शुक्ला की पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनके विधायक बनने के बाद बेलतरा विधानसभा में अनेक नए और अनूठे आयोजन हो रहे हैं। तीजा तिहार के माध्यम से मातृशक्ति का सम्मान, बेलतरा महोत्सव के जरिए क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा और अब दीपावली स्नेह मिलन जैसे आयोजन समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बेलतरा में इस तरह के आयोजन पहले देखने को नहीं मिलते थे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विभिन्न समाजों, सामाजिक संगठनों और पार्टी कार्यकर्ताओं को एक मंच पर मिलने तथा आपसी संवाद का अवसर मिल रहा है। इससे कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
ऐसे आयोजन सामाजिकसद्भाव और संगठनात्मक मजबूती के लिए महत्वपूर्ण हैं।
बेलतरा का हर परिवार मेरा
अपना परिवार : सुशांत शुक्ला
विधायक सुशांत शुक्ला ने उपस्थितजनों के प्रति आभार
जताते हुए कहा कि दीपावली केवल दीपों का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, सद्भाव और आत्मीयता का उत्सव है। बेलतरा विधानसभा का प्रत्येक परिवार उनके लिए अपने परिवार की तरह है। समारोह में वरिष्ठजनों का आशीर्वाद, कार्यकर्ताओं का उत्साह, मातृशक्ति का स्नेह और युवाओं की ऊर्जा देखकर उन्हें बेहद खुशी हुई।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी पूंजी जनता का स्नेह, विश्वास और सहयोग है। ऐसे आयोजन केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोगों को करीब लाने और रिश्तों को मजबूत करने का माध्यम हैं। उनका प्रयास है कि बेलतरा विधानसभा में सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और पारिवारिक अपनत्व की परंपरा लगातार मजबूत होती रहे। उन्होंने सभी के स्नेह और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का साथ और आशीर्वाद हीउनकी सबसे बड़ी ताकत है।
समारोह में छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, भाजपा जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं समाजों के प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, वरिष्ठजन, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। समारोह ने दीपावली के अवसर पर सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और संगठनात्मक जुड़ाव की एक नई तस्वीर पेश की।







