बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
विभिन्न मांगों को लेकर व्यापारियों की एकजुटता, सूचीबद्ध दुकानों ने दिया बंद का समर्थन
27 अप्रैल सोमवार, 2026।
कुसमी। कुसमी ब्लॉक के कृषि इनपुट (खाद, बीज एवं कीटनाशक) व्यापारियों द्वारा अपनी लंबित समस्याओं के निराकरण को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कुसमी को ज्ञापन सौंपा गया। एग्री इनपुट डीलर एसोसिएशन के बैनर तले दिए गए इस ज्ञापन में क्षेत्र के सभी दुकानदारों ने एकजुट होकर हस्ताक्षर किए और अपनी मांगों के समर्थन में एकदिवसीय सांकेतिक हड़ताल का आह्वान किया।
हड़ताल के तहत आज कुसमी नगर सहित पूरे क्षेत्र की कृषि संबंधित दुकानें पूरी तरह बंद रहीं। व्यापारियों ने बताया कि यह कदम लंबे समय से लंबित समस्याओं की ओर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए उठाया गया है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से खाद पर_
अनिवार्य टैगिंग व्यवस्था समाप्त करने, रिटेल स्तर तक एफओआर (Free On Road) व्यवस्था लागू करने, डीलर मार्जिन 8 प्रतिशत निर्धारित करने, सैंपल फेल मामलों में कंपनियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने, “साथी पोर्टल” को कंपनियों तक सीमित रखने तथा अनाधिकृत बिक्री पर रोक लगाने जैसी मांगें शामिल हैं।

इस बंद का समर्थन करते हुए कुसमी क्षेत्र की प्रमुख कृषि दुकानों—महामाया कृषि सेवा केन्द्र, किसान बीज भंडार, गुप्ता कृषि केन्द्र, रवि ट्रेडर्स, साईं कृपा कृषि सेवा केन्द्र, डीपी कृषि केन्द्र, आदर्श कृषि केन्द्र, कुजूर एग्रो, श्री राम बीज भंडार, गुप्ता एग्रो, निक्की बीज भंडार, विशाल कृषि सेवा केन्द्र, सरकार बीज भंडार, तेगिया कृषि सेवा केन्द्र एवं विजय कृषि सेवा केन्द्र—ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे।
कृषि व्यापारियों का कहना है, कि लंबे समय से इन समस्याओं के कारण उन्हें आर्थिक व प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।








