बाजार में मिलने वाले पैकेट के चिप्स आपकी सेहत के लिए काफी ज्यादा नुकसानदायक साबित हो सकते हैं। लेकिन अगर आप ये बात जानने के बाद भी चिप्स की क्रेविंग को कंट्रोल नहीं कर पाते हैं, तो आपको पैकेट वाले चिप्स की जगह कोई हेल्दी ऑप्शन ढूंढ लेना चाहिए। केले के चिप्स खाने में टेस्टी लगते हैं और केले के चिप्स में पोषक तत्व भी मौजूद होते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि केले के चिप्स बनाने के लिए आपको कच्चे केले, सेंधा नमक और तेल की जरूरत पड़ेगी।
पहला स्टेप- सबसे पहले आपको केले को चाकू की मदद से छील लेना है। अब एक कटोरी में 2 स्पून पानी और थोड़ा सा सेंधा नमक निकालकर इन्हें मिक्स कर लीजिए।
दूसरा स्टेप- छिले हुए केले को चिप्स कटर की मदद से काट लीजिए। इसके बाद कढ़ाई में तेल डालकर इसे गर्म होने दीजिए।
तीसरा स्टेप- गैस को मीडियम फ्लेम पर रखिए। गर्म तेल में कटे हुए केले को डालकर पानी और नमक के घोल को भी एड कर दीजिए।
चौथा स्टेप- आपको चिप्स को तब तक फ्राई करना है, जब तक इनका कलर लाइट गोल्डन न हो जाए।
पांचवां स्टेप- जब चिप्स फ्राई हो जाएं, तब आपको पहले एक प्लेट में नैपकिन बिछाना है और फिर चिप्स को कढ़ाई से इस प्लेट में निकालकर रखते जाना है।
जब केले के चिप्स ठंडे हो जाएं, तब आप इनके टेस्ट का लुत्फ उठा सकते हैं। बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को होममेड केले के चिप्स का स्वाद काफी ज्यादा पसंद आने वाला है। सबसे अच्छी बात ये है कि केले के चिप्स आपकी सेहत को नुकसान भी नहीं पहुंचाएंगे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आप केले के चिप्स को स्टोर करके भी रख सकते हैं। जब केले के चिप्स ठंडे हो जाएं, तब आप इन्हें किसी भी सूखे-साफ एयर टाइट कंटेनर में स्टोर करके रख सकते हैं।








