Home चर्चा में बीजेपी की जीत के बाद पूरे शहर में उत्साह का माहौल, किरण...

बीजेपी की जीत के बाद पूरे शहर में उत्साह का माहौल, किरण सिंह देव ने बांटी झालमुरी

6
0

-अर्जुन झा-
जगदलपुर। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना काफिला रुकवा कर एक गुमटीनुमा दुकान में झालमुरी क्या खाई, पश्चिम बंगाल की इस खास स्नैक्स की शोहरत पूरी दुनिया में फैल गई। चुनावी नतीजे आने के बाद पूरे देश में झालमुरी की धूम मच गई। जगदलपुर में भी झालमुरी का जलवा देखने को मिला।यहां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं जगदलपुर के विधायक किरण सिंह देव तथा अन्य नेताओं ने लोगों को झालमुरी खिलाई।
पश्चिम बंगाल, असम और पांडुचेरी में भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है। उल्लास का माहौल ऐसा कि पूरा शहर आतिशबाजी के धमाकों से घंटों गूंजता रहा। बैंड बाजों और धुमाल बाजों ने धमाल मचा दिया। भगवा ग़ुलाल अबीर की बहार आ गई, नाचते थिरकते और जय श्रीराम, वंदे मातरम एवं भारत माता के जयकारे लगाते कार्यकर्ताओं का कारवां पूरे शहर में निकल पड़ा। सबसे शानदार नजारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव के निवास कार्यालय में देखने को मिला, जहां बंगाल के खास एवं लोकप्रिय व्यंजन झालमुरी की बहार देखने को मिली। पांच राज्यों के हुए विधानसभा चुनावों में से तीन राज्यों में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। असम में भाजपा की वापसी हुई है तो पश्चिम बंगाल में भाजपा की सुनामी ही आ गई है।

इस राज्य में पहली बार भाजपा ने सत्ता हासिल की है, वह भी रिकॉर्ड बहुमत पर। बंगाल की जीत ने पूरे देश के भाजपा कार्यकर्ताओं नई ऊर्जा और जोश का संचार कर दिया है। बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अचानक अपना काफिला रुकवा कर सड़क किनारे संचालित एक झालमुरी की दुकान में जा पहुंचे। वहां उन्होंने दस रुपए की झालमुरी बनवा कर खाई। मोदी ने बंगाल में झालमुरी क्या खाई, बंगाल का सबसे ज्यादा पसंदीदा यह स्नैक्स वैश्विक ब्रांड बन गई। चुनाव के दौरान से ही पूरे देश में झालमुरी की ही विशेष चर्चा होती रही। सोमवार को चुनावी परिणामों के रुझान आने के साथ ही झालमुरी की डिमांड बढ़ती चली गई। जगदलपुर में भी झालमुरी का जलवा देखने को मिला।बंगाल जीतने के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने तो चापड़ा चटनी पसंद करने वाले पूरे बस्तर में झालमुरी को पसंदीदा लघु आहार का दर्जा दिला दिया। किरण सिंह देव ने स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ यहां झालमुरी का स्टॉल ही लगा दिया। उन्होंने आते जाते लोगों को मुफ्त में झालमुरी खिलाई। श्री देव स्वयं भी झालमुरी का लुत्फ उठाते नजर आए।

मेयर पाण्डेय भी दिखा चुके हैं जलवा
जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डेय भी पश्चिम बंगाल के चुनावों में “मोदी जी की झालमुरी” की तरह जलवा दिखा चुके हैं। संजय पाण्डेय बस्तर से एकमात्र नेता थे, जिन्हे भाजपा संगठन ने बंगाल में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी दी थी। मेयर श्री पांडे चुनाव प्रचार के आखिरी दौर तक बंगाल में डटे रहे। इस दौरान उन्होंने कई बार झालमुरी का आनंद लिया। मेयर संजय पाण्डेय के साथ गए स्थानीय नेता बताते हैं कि चुनाव प्रचार करते वक्त भी अक्सर श्री पाण्डेय हाथ में झालमुरी का पाउच लिए नजर आते थे। उन्हें झालमुरी खाते देख बंगाल के लोग बेहद प्रभावित और खुश हो उठते थे। संजय की यह अदा बंगाल के लोगों को खूब पसंद आई और भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने में मुफीद भी साबित हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here