Home कोरबा इंदिरा स्टेडियम बना नशेड़ियों का अड्डा, कांग्रेस नेता ने पुलिस से की...

इंदिरा स्टेडियम बना नशेड़ियों का अड्डा, कांग्रेस नेता ने पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग

20
0

कुसमुंडा संवाददाता – गुरदीप सिंह

कुसमुंडा। कुसमुंडा क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित एसईसीएल द्वारा निर्मित इंदिरा स्टेडियम की बदहाल स्थिति और वहां बढ़ती आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों को लेकर कांग्रेस नेता एवं मंडल अध्यक्ष धनंजय कुमार दीवान ने कुसमुंडा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे को सौंपे गए शिकायत पत्र में बताया गया है कि इंदिरा स्टेडियम, जो कभी खिलाड़ियों और युवाओं के खेल अभ्यास का प्रमुख केंद्र हुआ करता था, अब असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का अड्डा बनता जा रहा है। शाम ढलते ही मैदान में शराबियों और संदिग्ध लोगों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे क्षेत्र का माहौल असुरक्षित हो गया है।

  

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि असामाजिक तत्व मैदान में खुलेआम शराबखोरी करते हैं और शराब की बोतलें वहीं फोड़ देते हैं। मैदान में फैले कांच के टुकड़ों से खिलाड़ियों और बच्चों को अभ्यास के दौरान चोट लगने का खतरा बना रहता है। इससे खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय निवासियों ने भी स्टेडियम परिसर की स्थिति पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि शाम के समय क्षेत्र का वातावरण इतना खराब हो जाता है कि आम लोगों का वहां से गुजरना तक मुश्किल हो जाता है। आए दिन होने वाले हंगामे और उपद्रव से आसपास रहने वाले परिवार परेशान हैं।

शिकायत में यह भी बताया गया कि उपद्रवियों ने स्टेडियम के मुख्य द्वार पर लगे “आई लव यू कुसमुंडा” सौंदर्यीकरण बोर्ड को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। यह बोर्ड क्षेत्र की पहचान और सुंदरता का प्रतीक माना जाता था।

मंडल अध्यक्ष धनंजय कुमार दीवान ने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाना और खेल मैदानों का इस तरह दुरुपयोग होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से स्टेडियम परिसर में नियमित निगरानी, पेट्रोलिंग और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे ने क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा स्टेडियम और उसके आसपास संदिग्ध रूप से घूमने वालों पर कड़ी नजर रखने का आश्वासन दिया है। पुलिस प्रशासन के इस आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही इंदिरा स्टेडियम का वातावरण फिर से सुरक्षित और खेल गतिविधियों के अनुकूल बनाया जा सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here