Home चर्चा में विभा कंस्ट्रक्शन पर घटिया निर्माण और धोखाधड़ी का आरोप

विभा कंस्ट्रक्शन पर घटिया निर्माण और धोखाधड़ी का आरोप

10
0

-ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर की तैयारी =

-बारिश में टपकने लगी छत, रिसने लगी दीवारें =

-उपभोक्ता फोरम की शरण में जाने की तैयारी =

जगदलपुर। शहर में मकान निर्माण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। एक परिवार ने निर्माण एजेंसी विभा कंस्ट्रक्शन और उससे जुड़े ठेकेदार पर घटिया निर्माण कार्य करने, भरोसे का दुरुपयोग करने और आर्थिक नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए हैं। मामले में बोधघाट थाना में लिखित शिकायत दी गई है। पीड़ित परिवार ने साफ कहा है कि अगले सप्ताह तक ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही उपभोक्ता फोरम में भी मामला पंजीकृत कराया जाएगा।

शिकायत के अनुसार परिवार ने वर्ष 2024 में अपने मकान के प्रथम तल के निर्माण के लिए विभा कंस्ट्रक्शन से लिखित अनुबंध किया था। निर्माण कार्य के लिए लगभग 14 से 15 लाख रुपए तक का भुगतान ऑनलाइन और नगद माध्यम से किया गया। परिवार का आरोप है कि भुगतान लेने के बावजूद निर्माण कार्य बेहद लापरवाही पूर्वक और खराब गुणवत्ता के साथ किया गया, जिसके कारण अब मकान में गंभीर समस्याएं सामने आने लगी हैं। आवेदन में बताया गया है कि बारिश शुरू होते ही मकान की छत और दीवारों से कई जगह पानी टपकने लगा है। लगातार रिसाव के कारण मकान के दोनों तल की दीवारों, छत और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। शिकायतकर्ता ने कहा है कि हल्की बारिश में भी मकान के अंदर सीपेज शुरू हो जाता है। मामले से जुड़े फोटो और वीडियो प्रमाण भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि निर्माण में गड़बड़ी सामने आने के बाद कई बार ठेकेदार को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिलता रहा।

शिकायत में बताया गया है कि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद जल्दबाजी में केवल डैम प्रूफिंग का कार्य कराया गया, लेकिन बारिश से हुए नुकसान के बाद अब भी पोताई और टाइल्स समेत कई जरूरी काम अधूरे पड़े हैं। आरोप है कि ठेकेदार लगातार पैसों की कमी और इस कार्य में लाभ नहीं होने जैसी बातें कहकर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रहा है। इधर पीड़ित परिवार ने दावा किया है कि निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार का कोई भुगतान बकाया नहीं रखा गया और तय राशि पूरी तरह चुका दी गई थी। इसके बावजूद अब मरम्मत और अधूरे कार्यों को लेकर लगातार टालमटोल किया जा रहा है। बोधघाट थाना को दिए गए आवेदन में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है। पूरे घटनाक्रम के सामने आने के बाद शहर में निजी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और ठेकेदारों की जवाबदेही को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here