Home कवर्धा रिटर्निंग वॉल निर्माण में फर्जीवाड़े का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की...

रिटर्निंग वॉल निर्माण में फर्जीवाड़े का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की जांच की मांग

23
0

कवर्धा संवाददाता – दिलीप साहू

कबीरधाम। जिले के पंडरिया जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत अमली मालगी में रिटर्निंग वॉल निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इस संबंध में कलेक्टर कबीरधाम को शिकायत पत्र सौंपकर जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों द्वारा दिए गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत अमली मालगी में लगभग 19.35 लाख रुपए की लागत से बनाए जा रहे रिटर्निंग वॉल निर्माण कार्य में सरपंच और सचिव द्वारा गंभीर अनियमितताएं की गई हैं। शिकायत के अनुसार निर्माण कार्य में मजदूरों से खुदाई कराने के बजाय जेसीबी मशीन का उपयोग किया गया, जबकि मजदूरी भुगतान दर्शाया गया है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि रिटर्निंग वॉल की ऊंचाई निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं बनाई गई है। पुराने रिटर्निंग वॉल के ऊपर ही नई दीवार खड़ी कर दी गई है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। साथ ही निर्माणाधीन पचेरी की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री निम्न स्तर की है और पचेरी में लगे सरिए अभी से दिखाई देने लगे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि उक्त निर्माण कार्य उपयोग योग्य नहीं है, इसके बावजूद कार्य को पूर्ण बताकर भुगतान प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी की जा रही है। मामले की जानकारी लगभग एक माह पूर्व पंडरिया कार्यक्रम अधिकारी को मौखिक रूप से दी गई थी, लेकिन केवल सुधार कराने का आश्वासन देकर मामले को टाल दिया गया।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी सरपंच, सचिव और संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here