Home चर्चा में पुरुषोत्तम मास में सेवा का अनूठा उदाहरण : मारवाड़ी युवा मंच जागृति...

पुरुषोत्तम मास में सेवा का अनूठा उदाहरण : मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा द्वारा 15 दिवसीय जूस एवं फल वितरण

6
0

संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल

जिला जांजगीर-चांपा।
भीषण गर्मी के बीच जहां आमजन राहत की तलाश में हैं, वहीं सामाजिक संगठनों द्वारा जनसेवा के कार्य लोगों के लिए संबल बन रहे हैं। इसी कड़ी में मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा द्वारा पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर 15 दिवसीय जूस एवं फल वितरण कार्यक्रम का आयोजन कर मानव सेवा की मिसाल प्रस्तुत की जा रही है। यह आयोजन नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है तथा राहगीरों, जरूरतमंदों एवं गरीब परिवारों को राहत पहुंचा रहा है।
मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया के मार्गदर्शन, प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत गांधी एवं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रीना केडिया के निर्देशन में पूरे प्रदेश में जनसेवा के विविध कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जांजगीर-नैला नगर में भी यह विशेष आयोजन प्रारंभ किया गया है, जिसमें प्रतिदिन राहगीरों एवं जरूरतमंदों को ठंडा जूस और फल वितरित किए जा रहे हैं।
शाखा की पुनः अध्यक्ष बनीं पूनम अग्रवाल के नेतृत्व में संगठन लगातार समाजसेवा के कार्यों को नई दिशा दे रहा है। भीषण गर्मी के बावजूद उनके द्वारा बिना किसी थकान के सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाई जा रही है। पुरुषोत्तम मास जैसे पुण्य पर्व में सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश देते हुए शाखा द्वारा लगातार 15 दिनों तक फल एवं जूस वितरण का कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष पूनम अग्रवाल ने कहा कि संगठन द्वारा उन्हें पुनः अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद वे पूर्व वर्षों की भांति जनकल्याणकारी कार्यों को और अधिक प्रभावी रूप से संचालित करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने बताया कि संगठन के सहयोग और वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन से उन्हें समाजसेवा की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष बनने के बाद अब तक तीन निर्धन कन्याओं का कन्यादान भी कराया गया है तथा जरूरतमंद वर्गों तक निरंतर सहायता पहुंचाने का कार्य जारी है।
उन्होंने आगे कहा कि पुरुषोत्तम मास के अवसर पर भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए राहगीरों को ठंडा जल, जूस एवं फल वितरित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को राहत मिल रही है। इस सेवा कार्य की प्रेरणा उन्हें प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रीना केडिया एवं प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत गांधी से प्राप्त होती है, जिनके मार्गदर्शन में शाखा लगातार सामाजिक कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में प्रांतीय निर्देशिका सुनीता मोदी, प्रदेश संयोजक नारी चेतना शिखा अग्रवाल, अमृत धारा सहसंयोजक कल्याणी भोपाल पुरिया सहित शाखा की पूरी टीम सक्रिय रूप से सहयोग कर रही है। शाखा अध्यक्ष पूनम अग्रवाल ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि टीम भावना और सेवा संकल्प के कारण ही ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम सफल हो पा रहे हैं।
नगरवासियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक पर्वों को केवल पूजा-पाठ तक सीमित न रखकर जनसेवा से जोड़ना समाज के लिए प्रेरणादायक कदम है। मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा द्वारा किया जा रहा यह सेवा कार्य सामाजिक संवेदनशीलता, मानवता और सहयोग की मिसाल बनकर सामने आया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here