महासमुंद संवाददाता – अब्दुल रफ़ीक खान
कोमाखान (महासमुंद): ग्राम बकमा के युवा चितरंजन पटेल की अस्पताल में हुई दर्दनाक मौत के बाद उपजे भारी जनआक्रोश को देखते हुए कोमाखान पुलिस ने तत्परता दिखाई है। पुलिस ने मामले के दो मुख्य नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, वारदात में शामिल तीसरा आरोपी पुलिस को चकमा देकर अब भी फरार चल रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
सलाखों के पीछे पहुँचे ये दो आरोपी
थाने से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने जिन दो आरोपियों को दबोचा है उनके नाम हैं:
1. दीपेश साहू (निवासी टोंगोपानी)
2. कुंजन साहू (निवासी टोंगोपानी)
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई बिना नंबर की काले रंग की टीवीएस (TVS Raider) मोटरसाइकिल भी विधिवत जब्त कर ली है। तस्वीरों में दोनों आरोपी कोमाखान पुलिस टीम की गिरफ्त में खड़े नजर आ रहे हैं।
तीसरा आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर
परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो को तो दबोच लिया है, लेकिन वारदात में शामिल तीसरा आरोपी मनबाय निवासी अभी भी फरार है। कोमाखान थाना प्रभारी का कहना है कि फरार आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उसे भी बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अस्पताल में हुई थी मौत, ग्रामीणों ने घेरा था थाना
गौरतलब है कि बीते 15 अप्रैल को पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने लामीसरार मुर्गी फार्म के पास चितरंजन पटेल को रास्ते में रोककर लोहे की रॉड और डंडों से बेरहमी से पीटा था। गंभीर रूप से घायल चितरंजन की महासमुंद के आदित्य अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जिसके बाद सैकड़ों आक्रोशित ग्रामीणों और रोती-बिलखती मां ने शव को थाने के सामने रखकर हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी।
हत्या की संगीन धाराओं में बदलेगा मामला
युवक की मौत के बाद अब पुलिस इस मामले में दर्ज पूर्व की धाराओं को हटाकर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) के तहत आगे की कार्यवाही कर रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और फरार आरोपी के ठिकाने का पता लगाया जा सके।








