गढ़ कोपरा। गढ़ कोपरा के पालीग्राम कोपरा स्थित हल्बा सामाजिक भवन में हल्बा समाज द्वारा युवा-युवती प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत मां दंतेश्वरी जी की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान समाज के पदाधिकारियों एवं युवा-युवतियों ने समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए सामाजिक नियमों को सख्ती से लागू करने का संकल्प लिया।
बैठक में गढ़ कोपरा सामान्य प्रकोष्ठ अध्यक्ष अमर सिंह मांझी, कर्मचारी प्रकोष्ठ सचिव शंकर लाल देहारी, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष गुमान सिंह मांझी, उपाध्यक्ष भरत घरत, सचिव चैतमल समरथ, देवेंद्र श्रीमाली, योगेश राणा, खिलेश गागड़ा, बरातू शांडिल्य, बिरेंद्र राना, राधे मोहन गागड़ा सहित बड़ी संख्या में समाज के युवा एवं युवतियां उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक में गढ़ कोपरा अंतर्गत पालीग्राम कोपरा, बड़बत्तर, तीतरवंड, जामपारा, माकड़ी, कपेना, उड़ीदगांव, बेलगांव, उमरगांव, बानगांव, खजरावंड, कोंगरा, पारोंड, कौन्दकेरा, चिचाड़ी, बांसकोट, सलना और कोदोभाट से युवा प्रकोष्ठ एवं युवती प्रकोष्ठ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष और सदस्य शामिल हुए।

बैठक में समाज द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत शादी-ब्याह (बिहाव) कार्यक्रमों में डीजे पूर्णतः बंद रखने के निर्णय पर विशेष चर्चा की गई। समाज के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन पालीग्रामों में सामाजिक नियमों के विरुद्ध डीजे बजाया गया है, वहां संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर सामाजिक कार्रवाई की जाएगी। इसे समाज की नीति और परंपराओं के खिलाफ बताया गया।
इसके अलावा छठी कार्यक्रमों में नशापान तथा शादी घर में रिसेप्शन पार्टी के दौरान बप्पर सिस्टम के उपयोग को भी पूर्णतः बंद करने का आह्वान किया गया। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने युवा-युवतियों को समाज की संस्कृति, परंपरा और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित करते हुए समाजहित में कार्य करने का संदेश दिया।








