Home चर्चा में रायपुर में सेन संगवारी सामाजिक उत्थान मंच की द्वितीय वार्षिक कार्यकारिणी एवं...

रायपुर में सेन संगवारी सामाजिक उत्थान मंच की द्वितीय वार्षिक कार्यकारिणी एवं कार्ययोजना बैठक सम्पन्न

12
0

(आगामी वर्ष हेतु समाज के वार्षिक रचनात्मक कार्यो हेतु बनाई गयी योजना)

सोमन साहू –

सेन संगवारी समाजिक उत्थान मंच द्वारा आयोजित द्वितीय वार्षिक कार्यकारिणी बैठक सह कार्ययोजना बैठक का सफल आयोजन दिनांक 23 मई 2026, शनिवार को मायाराम सुरजन सभा कक्ष, राजबंधा मैदान रायपुर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए पदाधिकारी, जिला संयोजक, कार्यकारिणी सदस्य एवं समाज प्रतिनिधियों सहित कुल 52 लोगों की सक्रिय उपस्थिति रही।

बैठक का उद्देश्य आगामी सत्र 2026-27 के लिए समाज हित में व्यापक कार्ययोजना तैयार करना था। कार्यक्रम की शुरुआत समाज के वरिष्ठजनों के स्वागत एवं परिचय सत्र के साथ हुई। इसके पश्चात उपस्थित सदस्यों को सात अलग-अलग समूहों में विभाजित किया गया, जिनमें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, नशामुक्ति, वैवाहिक गतिविधि/सम्मान समारोह, रक्तदान एवं विधिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा कर कार्ययोजना तैयार की गई।

प्रत्येक समूह को अपने विषय से संबंधित वर्तमान परिस्थितियों, समाज की आवश्यकताओं एवं भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा कर जिला स्तर एवं राज्य स्तर पर आगामी वर्ष के लिए ठोस कार्य निर्धारित करने का दायित्व दिया गया। सभी समूहों ने अपने सुझाव एवं योजनाएं प्रस्तुत कीं, जिनमें समाज के युवाओं को रोजगार से जोड़ना, विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक मार्गदर्शन, स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, नशामुक्ति अभियान, सामूहिक वैवाहिक गतिविधियों को बढ़ावा, नियमित रक्तदान शिविर एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल रहे।

बैठक में समाज को संगठित एवं आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय केवल रोजगार खोजने का नहीं बल्कि स्व-रोजगार एवं सामाजिक सहयोग के माध्यम से समाज को मजबूत बनाने का है।
समापन समारोह में उप संचालक जन सम्पर्क विभाग श्री राजेश श्रीवास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में DSP श्री ओम प्रकाश सेन, श्री मुलेश्वर श्रीवास, श्री बसंत श्रीवास एवं श्री विजय सेन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता परमानंद सेन द्वारा की गई।

मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में समाज के युवाओं एवं पदाधिकारियों की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि संगठित प्रयासों से समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने आगामी वर्ष की कार्ययोजना को समाज के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

अंत में सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया तथा समाज हित में निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here