Home चर्चा में कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने ली खाद-बीज वितरण के संबंध में बैठक...

कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने ली खाद-बीज वितरण के संबंध में बैठक किसानों को खाद-बीज के लिए ना हो किसी भी प्रकार की परेशानी – कलेक्टर

5
0
संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
     जांजगीर-चांपा 25 मई 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने जिले में आगामी खरीफ सीजन के मद्देनजर खाद एवं बीज वितरण व्यवस्था के संबंध में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक लेकर कृषि एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने कहा कि किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा सुचारू रूप से वितरण सुनिश्चित करें।
      कलेक्टर श्री महोबे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन के निर्देशानुसार सभी सेवा सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में पोटाश, यूरिया, एनपीके एवं डीएपी खाद का भंडारण रखा जाए, ताकि आवश्यकता के समय किसानों को आसानी से खाद उपलब्ध हो सके। उन्होंने खाद वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए फर्टीलाइजर पॉश मशीन के माध्यम से वितरण कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने सभी कृषि एवं संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से समितियों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करें कि किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सही तरीके से खाद एवं बीज का वितरण हो। साथ ही नियमित रूप से निजी खाद-बीज विक्रय संस्थानों का भी निरीक्षण कर भंडारण, दर सूची एवं वितरण व्यवस्था की जांच करने के निर्देश दिए।
      कलेक्टर श्री महोबे ने खाद एवं बीज के भंडारण और उठाव की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध रहे, इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें। कलेक्टर ने जिले के शत-प्रतिशत किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि एग्रीस्टैक पंजीयन से किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सरल तरीके से मिल सकेगा, इसलिए इस कार्य में तेजी लाई जाए। बैठक में उप संचालक श्री राकेश शर्मा सहित संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here