जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
जिला जांजगीर चांपा के चांपा महतारी सेवा समिति मानिकपुरी समाज महिलाओं जिला अध्यक्ष श्रीमती रमशिला मानिकपुरी ने एवं समिति के सदस्य ने जब महिलाएं संकल्प लेती हैं, तो असंभव दिखाई देने वाले कार्य भी संभव हो जाते हैं।
इसका जीवंत उदाहरण आज जांजगीर-चांपा जिले के चांपा श्री सद्गुरु कबीर धाम चांपा में देखने को मिल रहा है, जहां महतारी सेवा समिति मानिकपुरी समाज की महिलाओं ने अपनी मेहनत, एकजुटता और सामाजिक जागरूकता से विकास की नई मिसाल कायम की है।
महिलाओं ने शासन-प्रशासन के सहयोग से पहले कबीर धाम परिसर में बोर एवं हैंडपंप की व्यवस्था कराई, जिससे वहां आने वाले श्रद्धालुओं और महिलाओं को पेयजल की सुविधा मिल सकी। इसके बाद अब परिसर की सुरक्षा और महिलाओं के सम्मान को ध्यान में रखते हुए घेराबंदी एवं अन्य विकास कार्यों की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

दिनांक 27 मई 2026, बुधवार को जिला जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने श्री सद्गुरु कबीर धाम चांपा का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कबीर साहेब की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना कर क्षेत्र के विकास, सामाजिक समरसता और महिलाओं के उत्थान की कामना की।
पुलिस अधीक्षक श्री पाण्डेय ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाना समाज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कबीर धाम परिसर में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रतीक स्वरूप बाथरूम निर्माण कार्य में सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही परिसर की फ्रांसिंग तार से घेराबंदी कराने का भी प्रयास कराने की बात कही, ताकि यह पवित्र स्थल सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से विकसित हो सके।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में कबीर धाम परिसर को महिलाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। यहां मशरूम उत्पादन, साग-भाजी एवं फूलों की खेती, आचार, बड़ी, पापड़ निर्माण जैसे लघु उद्योगों को बढ़ावा देकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। इससे न केवल महिलाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि समाज में उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।

इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र जांजगीर-चांपा के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ खेमा दास महंत ने भी कृषि तकनीक, मशरूम उत्पादन एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग देने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं को सही प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिले, तो वे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे सकती हैं।
महतारी सेवा समिति मानिकपुरी समाज की जिला अध्यक्ष रमशिला मानिकपुरी ने पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय के सहयोग, संवेदनशीलता और सकारात्मक पहल के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का सहयोग मिलने से समाज की महिलाओं में नया आत्मविश्वास जागृत हुआ है।
कार्यक्रम में महतारी सेवा समिति के सदस्यगण, समाज के वरिष्ठजन एवं अन्य सामाजिक पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यदि इसी प्रकार शासन-प्रशासन और समाज मिलकर कार्य करें, तो महिलाओं के सशक्तिकरण का सपना शीघ्र ही साकार हो सकता है।
यह पहल केवल एक आश्रम के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संदेश देती है कि संगठित नारी शक्ति समाज और राष्ट्र निर्माण में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। जांजगीर-चांपा जिले में महिलाओं द्वारा किया जा रहा यह प्रयास आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का केंद्र बन सकता है।








