Home मुख्य ख़बरें आज भारत में दस्तक देगा मानसून, कई इलाकों में भारी बारिश-आंधी का...

आज भारत में दस्तक देगा मानसून, कई इलाकों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट; गर्मी से मिलेगी राहत

42
0

 एक ओर जहां दक्षिण-पश्चिम मानसून आज केरल के रास्ते भारत में प्रवेश करने वाला है, वहीं दिल्ली में कुछ समय से बना सुहाना मौसम अब धीरे-धीरे अपना असर खोने लगा है। दिल्ली-एनसीआर के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने से गर्मी बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी-तूफान जैसी ही स्थितियां रहने का अनुमान है। इसके साथ ही 4 जून को जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना है।

मौसम विभाग ने 4 जून यानी आज पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में तेज आंधी आने की चेतावनी भी जारी की है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ जगहों पर हवा की स्पीड 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी हो सकती है। इन जगहों पर आज हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के पुर्वानुमान के अनुसार, केरल, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती है।  तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 4-7 जून के दौरान झमाझम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही झारखंड और ओडिशा में बारिश हो सकती है। 4 जून को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 4 जून को कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में दिन का मौसम गर्म और उमस भरा रहने की संभावना है। मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, मथुरा और आगरा के निवासियों को तेज़ धूप और तेज़ हवाओं का सामना करना पड़ सकता है। दोपहर के समय मौसम की स्थिति में बदलाव आ सकता है। कुछ जगहों पर बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश या बूंदाबांदी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ और आसपास के क्षेत्र में आंधी चलेगी। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती है।

लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, सीतापुर और हरदोई में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा, जबकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आने और भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here