Home चर्चा में पर्यावरण संरक्षण का संदेश: दिव्यांग बच्चों ने अपनी बगिया में रोपे फूलों...

पर्यावरण संरक्षण का संदेश: दिव्यांग बच्चों ने अपनी बगिया में रोपे फूलों के पौधे

10
0

सारंगढ़ संवाददाता – लक्ष्मी नारायण लहरे

सारंगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सारंगढ़ जिला मुख्यालय स्थित प्रांजल दिव्यांग विशेष स्कूल में बच्चों ने उत्साहपूर्वक पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की और अपनी आँगन की बगिया में विभिन्न प्रकार के फूलों के पौधे रोपे। इस अवसर पर बच्चों ने प्रकृति के प्रति अपने प्रेम और जिम्मेदारी का परिचय दिया।

संस्था की प्रमुख एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती हिरा देवी निराला के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों ने स्वयं विद्यालय परिसर को स्वच्छ बनाया तथा पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। बच्चों ने गमलों और विद्यालय परिसर में रंग-बिरंगे फूलों के पौधे लगाकर वातावरण को सुंदर और आकर्षक बनाया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के महत्व तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि पेड़-पौधे न केवल वातावरण को शुद्ध बनाते हैं, बल्कि धरती पर जीवन के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। बच्चों ने पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प भी लिया।

संस्था प्रमुख श्रीमती हिरा देवी निराला ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि जीवनभर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं। दिव्यांग बच्चों ने जिस उत्साह और लगन के साथ पौधरोपण किया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है।

पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। बच्चों ने पौधों को पानी देकर उनकी देखभाल का संकल्प लिया और सभी को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

“एक पौधा, एक संकल्प” के संदेश के साथ आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सार्थक साबित हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here