महासमुंद संवाददाता – अब्दुल रफ़ीक खान
महासमुंद/कोमाखान
महासमुंद जिला पंचायत के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने आज महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद और छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी से उनके बसना स्थित निवास पर सौजन्य भेंट की। यह मुलाकात सांसद चौधरी के भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में नॉर्वे (Norway) के सफल दौरे से स्वदेश लौटने पर हुई।
मुलाकात के दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने सांसद रूपकुमारी चौधरी को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का शानदार प्रतिनिधित्व करने के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
महासमुंद और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय
चर्चा के दौरान भीखम सिंह ठाकुर ने कहा कि नॉर्वे में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में महासमुंद सांसद की भागीदारी और वैश्विक स्तर पर देश का पक्ष रखना संपूर्ण महासमुंद लोकसभा क्षेत्र सहित छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है। उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रहित, संसदीय मर्यादाओं और जनसेवा के प्रति सांसद रूपकुमारी चौधरी का यह समर्पण और अनुभव क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस सौजन्य मुलाकात के दौरान स्थानीय विकास कार्यों और संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी अनौपचारिक चर्चा हुई। सांसद ने भी इस आत्मीय स्वागत और शुभकामनाओं के लिए जिला पंचायत उपाध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।






