पेंड्रा संवाददाता दीपक कश्यप
टेक इंटेलिजेंस और मुखबिर नेटवर्क बना पुलिस की बड़ी ताकत
सभी 7 आरोपी गिरफ्तार
हत्या में प्रयुक्त हथियार, कारतूस और लूटे गए आभूषण बरामद
बिहार और झारखंड से भी आरोपियों की गिरफ्तारी
घटना की पृष्ठभूमि
26 मई 2026 को कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में ज्वेलरी व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी सोना-चांदी से भरा बैग लूटने की कोशिश कर रहे थे, विरोध करने पर व्यापारी को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में थाना पेण्ड्रा में अपराध क्रमांक 163/2026 के तहत हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग ने स्वयं घटनास्थल पहुंचकर जांच की निगरानी की। पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर टेक्निकल सर्विलांस, कॉल डिटेल, मोबाइल ट्रैकिंग और मुखबिर तंत्र (HumINT) के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई। दो हफ्तों के भीतर मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों ने ऐसे रची थी साजिश
मुख्य आरोपी खुशीराम साहू ने बिहार-झारखंड के अपराधियों से संपर्क कर लूट की योजना बनाई थी। आरोपी 23 मई को बिलासपुर के बिटकुला गांव में मिले और बाजार में आने वाले ज्वेलरी व्यापारियों की रेकी की। 26 मई की शाम करीब 7 बजे आरोपियों ने प्रदीप सोनी का पीछा कर लूट की कोशिश की। विरोध मिलने पर राहुल उर्फ मनीष मंडल ने अवैध कट्टे से गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए और लूट का माल आपस में बांट लिया।
बिहार और झारखंड तक पहुंची जांच
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रैक की।
राहुल उर्फ मनीष मंडल को जिला बांका (बिहार) से पकड़ा गया।
राजू उर्फ सुजीत दास को रजौन, बांका से गिरफ्तार किया गया।
संतोष कुमार दास को गोड्डा (झारखंड) से दबोचा गया।
अन्य आरोपी छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही और जांजगीर-चांपा जिलों से पकड़े गए।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया है।
हथियार और कारतूस
02 देशी कट्टे
04 जिंदा कारतूस
01 खोखा
लूटे गए आभूषण
सोना लगभग 40 ग्राम
चांदी लगभग 4 किलो 480 ग्राम
अन्य बरामद सामग्री
07 मोबाइल फोन
02 मोटरसाइकिल
01 स्विफ्ट कार
गिरफ्तार आरोपी
नाम | निवास |
|---|---|
खुशीराम साहू | बिटकुला, थाना सीपत, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) |
राजाराम साहू | बिटकुला, थाना सीपत, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) |
गया प्रसाद रजक | देवरीखुर्द, चौकी कोटमीकला, जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (छत्तीसगढ़) |
मनीष मंडल उर्फ राहुल | विजयनगर, जिला बांका (बिहार) |
सुजीत कुमार उर्फ राजू दास | कठचातर, जिला बांका (बिहार) |
संतोष कुमार दास | कोरियाना, जिला गोड्डा (झारखंड) |
श्रेयांश शुक्ला | बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़) |
जांच में इन टीमों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में बिलासपुर रेंज की साइबर टीम, ACCU, गौरेला, पेण्ड्रा, मरवाही, मुंगेली और अन्य पुलिस इकाइयों ने समन्वित अभियान चलाया। वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में लगातार दो हफ्ते तक चली जांच के बाद पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली l








