Home चर्चा में सेवा पुस्तिकाओं के सुव्यवस्थित संधारण एवं अभिलेखों के अद्यतन हेतु विकासखंड शिक्षा...

सेवा पुस्तिकाओं के सुव्यवस्थित संधारण एवं अभिलेखों के अद्यतन हेतु विकासखंड शिक्षा अधिकारी सक्ती की सराहनीय पहल

9
0

जांजगीर चांपा संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल

शिक्षा विभाग में प्रशासनिक कार्यों की पारदर्शिता, कर्मचारियों के सेवा अभिलेखों की शुद्धता तथा भविष्य में पेंशन, पदोन्नति एवं वेतन निर्धारण संबंधी प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण को दृष्टिगत रखते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी सक्ती दिलीप कुमार पटेल द्वारा सेवा पुस्तिकाओं के संधारण एवं आवश्यक दस्तावेजों के संकलन का व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत विकासखंड के समस्त शासकीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं का गहन परीक्षण कर अभिलेखों को अद्यतन एवं पूर्ण बनाने की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं।
विगत कुछ समय से कार्यालय द्वारा चरणबद्ध रूप से विशेष शिविरों एवं परीक्षण कार्यक्रमों का आयोजन कर कर्मचारियों के सेवा अभिलेखों का सूक्ष्म परीक्षण किया जा रहा है। परीक्षण के दौरान सेवा पुस्तिकाओं में दर्ज प्रविष्टियों का सत्यापन, नियुक्ति आदेश, शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संबंधी प्रमाण पत्र, सेवा सत्यापन, वेतन निर्धारण आदेश, पदोन्नति आदेश, अवकाश संबंधी प्रविष्टियां, पारिवारिक विवरण, नामांकन प्रपत्र, जी.पी.एफ./सी.पी.एस. संबंधी अभिलेख तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
इस विशेष अभियान के दौरान अनेक कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं में वर्षों से लंबित प्रविष्टियों का संधारण किया गया है। वहीं जिन कर्मचारियों के अभिलेखों में आवश्यक दस्तावेज अनुपलब्ध पाए गए, उन्हें संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया है। साथ ही संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारियों तथा संस्था प्रमुखों को भी सेवा पुस्तिकाओं के संधारण एवं अभिलेखों की पूर्ति हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक कर्मचारी की सेवा पुस्तिका अद्यतन एवं त्रुटिरहित रहे, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक अथवा वित्तीय कठिनाई उत्पन्न न हो। विशेष रूप से सेवानिवृत्ति के निकट पहुंच चुके कर्मचारियों के सेवा अभिलेखों को प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि उनके पेंशन एवं अन्य सेवानिवृत्ति लाभों के प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित हो सके।
उल्लेखनीय है कि सेवा पुस्तिका किसी भी शासकीय कर्मचारी का महत्वपूर्ण मूल अभिलेख होती है, जिसमें उसकी नियुक्ति से लेकर सेवा निवृत्ति तक की समस्त जानकारी दर्ज रहती है। अभिलेखों की पूर्णता एवं शुद्धता न केवल कर्मचारी के हितों की सुरक्षा करती है, बल्कि विभागीय कार्यप्रणाली को भी अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाती है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी सक्ती द्वारा निरंतर समीक्षा एवं अनुश्रवण किया जा रहा है।
इस अभिनव पहल से विकासखंड सक्ती में अभिलेख प्रबंधन व्यवस्था को नई गति मिली है तथा कर्मचारियों में भी अपने सेवा अभिलेखों को अद्यतन रखने के प्रति जागरूकता बढ़ी है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे कर्मचारी हित एवं सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी सक्ती ने सभी संस्था प्रमुखों, आहरण एवं संवितरण अधिकारियों तथा कर्मचारियों से अपील की है कि वे सेवा पुस्तिकाओं के संधारण एवं अभिलेखों की पूर्ति के कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि विकासखंड के सभी कर्मचारियों के सेवा अभिलेख पूर्णतः अद्यतन एवं व्यवस्थित बनाए जा सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here