सरगुजा संवाददाता – वीरेंद्र तिवारी
धान बुआई को लेकर खूनी संघर्ष: एकमत होकर ट्रैक्टर से कुचल दिया, पुलिस ने सभी आरोपियों को भेजा
अंबिकापुर, 15 जून को सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवादित भूमि पर धान बुआई को लेकर हुए संघर्ष में एक किसान की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। मामले में बतौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सिलमा चिटकाही निवासी श्रीमती धनेश्वरी पैंकरा और भुवनेश्वर पैंकरा के बीच लंबे समय से विवादित कृषि भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। धनेश्वरी का दावा है कि वह वर्षों से उक्त भूमि पर खेती कर रही थी, जबकि राजस्व अभिलेखों में भूमि वर्तमान में भुवनेश्वर पैंकरा के नाम दर्ज है।
बताया गया कि 13 जून को धनेश्वरी और उसके पति होंशराम ने विवादित भूमि में ट्रैक्टर से जुताई कर धान की बुआई की थी। इसकी जानकारी मिलने पर 14 जून को भुवनेश्वर पैंकरा अपने सहयोगियों के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत में पहुंचा और पुनः बुआई करने लगा। इसी दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

आरोप है कि करीब 11:30 बजे जब होंशराम, उनकी पत्नी और दोनों पुत्रों ने धान बुआई का विरोध किया, तब आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर होंशराम को खेत की मेड़ से नीचे धकेल दिया। इसी दौरान आरोपी उमेश पैंकरा ने ट्रैक्टर को तेज रफ्तार में चलाकर पहले होंशराम को टक्कर मारी और फिर दोबारा ट्रैक्टर चढ़ाकर उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बतौली पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल परीक्षण तथा घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले में भुवनेश्वर पैंकरा (80), बजरंग लाल (60), रघुनंदन पैंकरा (52), मनोज (35), उमेश पैंकरा (23), बोधन पैंकरा (37), कमलेश्वरी पैंकरा (60) और प्यारी पैंकरा (50) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार सेंगर, उपनिरीक्षक आभाष मिंज, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा सहित थाना एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








