सरगुजा संवाददाता – विकास अग्रवाल
12 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन, विकास और गरीब कल्याण का स्वर्णिम काल : अवधेश सिंह चंदेल
अम्बिकापुर।
भारतीय जनता पार्टी कार्यालय संकल्प भवन, अम्बिकापुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा सरगुजा संभाग प्रभारी अवधेश सिंह चंदेल ने प्रेस को सम्बोधित किया।
प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. अम्बिकेश केशरी, महामंत्री विनोद हर्ष , महामंत्री द्वय अरुणा सिंह एवं जिला मीडिया प्रभारी रुपेश दुबे की उपस्थिति में प्रेस को सम्बोधित करते हुए अवधेश सिंह चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, सांस्कृतिक गौरव और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां प्राप्त की हैं। यह कार्यकाल सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का स्वर्णिम काल रहा है।
अवधेश सिंह चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को धरातल पर उतारते हुए देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। जनधन योजना के माध्यम से देश में 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए, जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं की है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है, जबकि कोरोना काल से लेकर आज तक 81 करोड़ से अधिक लोगों को निशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से देशभर में 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 11 करोड़ महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन देकर धुएं से मुक्ति दिलाई गई है। जल जीवन मिशन के तहत 16 करोड़ से अधिक घरों तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है, वहीं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता को जनआंदोलन बनाया गया है।
श्री चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में किसानों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से 11 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की गई है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के जरिए किसानों को सस्ता ऋण उपलब्ध कराया गया है तथा कृषि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लखपति दीदी योजना, सुकन्या समृद्धि योजना एवं विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। वहीं मुद्रा योजना , बिना गारंटी ऋण , पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से जरूरतमंदों को आर्थिक संबल प्रदान किया गया है।

अवधेश सिंह चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा अभूतपूर्व रूप से बढ़ी है। भारत ने सफलतापूर्वक जी-20 की अध्यक्षता कर विश्व मंच पर अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। वैक्सीन से भारत ने अनेक देशों की सहायता कर “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना को साकार किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने विकास के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव को भी नई पहचान दिलाई है। कर्तव्य पथ का निर्माण, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नए संसद भवन का निर्माण, जनजातीय गौरव दिवस की घोषणा तथा देश के महापुरुषों के सम्मान में किए गए विभिन्न कार्य राष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने वाले हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से भारत की प्राचीन संस्कृति को वैश्विक पहचान मिली है।
श्री चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा व्यवस्था भी पहले से अधिक मजबूत हुई है। भारत आज ऐसा राष्ट्र बन चुका है जो किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन यदि कोई भारत की ओर आंख उठाकर देखता है तो उसे मुंहतोड़ जवाब देने की क्षमता रखता है। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, आधुनिक सैन्य संसाधनों का विस्तार और आतंकवाद के विरुद्ध कठोर नीति ने देश को अधिक सुरक्षित बनाया है।
आगे उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के संवेदनशील नेतृत्व का लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। रेलवे, सड़क, हवाई सेवाओं और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा लगातार सहयोग प्रदान किया जा रहा है। आज छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
अवधेश सिंह चंदेल ने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक की यह 12 वर्ष की यात्रा भारत के नव निर्माण की यात्रा रही है। विकसित भारत की जो परिकल्पना प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने की है, उसकी मजबूत नींव इन 12 वर्षों में रखी जा चुकी है। आने वाले वर्षों में भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में अपना स्थान और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करेगा।
इस अवसर पर भारत सिंह सिसोदिया ने प्रेस वार्ता में उपस्थित सभी पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।
इस अवसर रवि शंकर जायसवाल, जतीन परमार सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








