Home चर्चा में संगठन की मजबूती और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष को लेकर कुसमी...

संगठन की मजबूती और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष को लेकर कुसमी में कांग्रेस का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न

6
0
बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
कुसमी, बलरामपुर।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी द्वारा बुधवार, 18 जून 2026 को एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों की रणनीति तैयार करने को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने संगठन की एकजुटता और सक्रियता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर के अध्यक्ष श्री हरियर प्रसाद यादव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी के अध्यक्ष श्री हरिश मिश्रा, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष श्री जे. पी. श्रीवास्तव, पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री राजेंद्र तिवारी, पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री लालसाय मिंज, प्रदेश सचिव श्री रामदेव जगते, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री राजेंद्र भगत, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चांदो के अध्यक्ष श्री मोहम्मद अब्दुल्ला खान सहित कांग्रेस परिवार के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
 
सम्मेलन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, बूथ लेवल एजेंट (BLA), सेक्टर प्रभारी, जोन प्रभारी, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान संगठन सृजन अभियान को गति देने, प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने तथा जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नव नियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, गांव-गांव एवं पंचायत-पंचायत तक कांग्रेस की विचारधारा पहुंचाने तथा जनता के बीच निरंतर संवाद स्थापित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा संविधान, लोकतंत्र और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करें तथा कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों और योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएं।
सम्मेलन के अंत में सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाते हुए जनता की आवाज को बुलंद किया जाएगा और जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से मजबूती के साथ विरोध किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here