सामरी, बलरामपुर | संवाददाता : युसूफ खान
सामरी बस स्टैंड में पिछले लगभग एक माह से बंद पड़े ‘आदित्य नीर’ वाटर एटीएम को लेकर न्यूज़ 36गढ़ में प्रमुखता से खबर प्रकाशित किए जाने के बाद इसका असर देखने को मिला। खबर प्रकाशित होते ही हिंडालको कंपनी के जीएम श्री राजेश राठौर ने मामले को तत्काल संज्ञान में लिया और बंद पड़ी पेयजल सुविधा की मरम्मत कराकर वाटर एटीएम को पुनः चालू करा दिया।
गौरतलब है कि सामरी बस स्टैंड, जो क्षेत्र का प्रमुख आवागमन केंद्र है, वहां यात्रियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हिंडालको कंपनी द्वारा CSR के तहत ‘आदित्य नीर’ जल केंद्र स्थापित किया गया था। लेकिन पिछले लगभग एक माह से यह सुविधा बंद पड़ी थी, जिससे भीषण गर्मी के बीच यात्रियों, स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इस गंभीर समस्या को न्यूज़ छत्तीसगढ़ ने प्रमुखता से उठाया था। खबर में बताया गया था कि बस स्टैंड में स्थापित पेयजल सुविधा जर्जर हालत में बंद पड़ी है और हिंडालको के अधिकारी प्रतिदिन इसी मार्ग से गुजरने के बावजूद इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। खबर सामने आने के बाद प्रबंधन हरकत में आया और तत्काल तकनीकी सुधार कराते हुए वाटर एटीएम को फिर से चालू करा दिया गया।
स्थानीय लोगों ने पेयजल सुविधा बहाल होने पर संतोष जताया है और कहा कि मीडिया द्वारा जनहित के मुद्दे को उठाए जाने से यात्रियों को राहत मिली है। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि हिंडालको प्रबंधन आगे भी ऐसी जनसुविधाओं के नियमित रखरखाव पर ध्यान देगा, ताकि भविष्य में यात्रियों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि यदि जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाए तो उसका सकारात्मक असर देखने को मिलता है।








