Home चर्चा में एग्रीस्टैक पंजीयन और लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश

एग्रीस्टैक पंजीयन और लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश

22
0

बलरामपुर संवाददाता — युसूफ खान

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दी सख्त हिदायत
बलरामपुर। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में एग्रीस्टैक पंजीयन तथा विभिन्न राजस्व प्रकरणों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी पात्र किसानों का एग्रीस्टैक पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीयन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ किसानों तक सुगमता से पहुंच सके।

कलेक्टर ने कहा कि पंजीयन कार्य को केवल कार्यालय तक सीमित न रखा जाए, बल्कि गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर किसानों का पंजीयन कराया जाए तथा उन्हें एग्रीस्टैक के महत्व और लाभों के बारे में जागरूक किया जाए। उन्होंने लंबित किसानों के सत्यापन कार्य में तेजी लाने और पंजीयन की गति बढ़ाकर अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कलेक्टर ने नामांतरण, खाता विभाजन, त्रुटि सुधार, अतिक्रमण सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों का समय-सीमा के भीतर निराकरण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से 5 वर्ष से अधिक समय से लंबित तथा समय-सीमा से बाहर चल रहे प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निपटाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने अधिकारियों से कहा कि राजस्व मामलों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों और आम नागरिकों को राजस्व संबंधी मामलों में अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य करे।
बैठक में राजस्व विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि लंबित प्रकरणों के निराकरण, सत्यापन कार्य और एग्रीस्टैक पंजीयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा नियमित मॉनिटरिंग के साथ प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here