आरंग संवाददाता – सोमन साहू
लखोली। ग्राम लखोली में रविवार को पल्स पोलियो महाअभियान की शुरुआत हुई। अभियान के तहत जन्म से लेकर 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए जीवनरक्षक पोलियो रोधी दवा (दो बूंद) पिलाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने पहले दिन 95 प्रतिशत बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
स्वास्थ्य कर्मी कुमारी बंजारे एवं हेमलता साहू ने बताया कि बूथों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा रही है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो रोधी दवा पहुंचाकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है।
इस अवसर पर दिलीप साहू ने क्षेत्र के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ या स्वास्थ्य केंद्र लेकर अवश्य आएं और पोलियो की खुराक दिलाकर अभियान को सफल बनाएं।
उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाना है। जनभागीदारी से ही देश को पूरी तरह पोलियो मुक्त बनाए रखने का संकल्प मजबूत होगा।
संदेश:
“नन्हे हाथों में है उज्ज्वल कल,
पोलियो की खुराक से सुरक्षित हो हर पल।
बूंद-बूंद से भरती है जीवन की खुशियां,
आज पिला दो दवा, सुधर जाए आने वाला हर कल।”








