कुसमी, बलरामपुर | संवाददाता: युसूफ खान
विकासखंड कुसमी के नवीन माध्यमिक शाला अमटाही में दिनांक 30 जून 2026 को नए शिक्षा सत्र के शुभारंभ अवसर पर शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्प एवं मिठाई देकर आत्मीय स्वागत किया गया तथा उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत सदस्य श्री मुनेलाल नागवंशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने सभी अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने शिक्षा के महत्व, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
शाला प्रवेश उत्सव का उद्देश्य नए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना तथा उन्हें विद्यालय से जोड़कर शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा।








