Home चर्चा में “शिक्षक ही विद्यार्थी के भविष्य का वास्तविक शिल्पकार होता है : विधायक...

“शिक्षक ही विद्यार्थी के भविष्य का वास्तविक शिल्पकार होता है : विधायक संदीप साहू”

5
0

-विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में शामिल हुए विधायक, नवप्रवेशी बच्चों का किया स्वागत

जिला संवादाता डुगेश्वर संजू साहू/भवानीपुर (पलारी)। पलारी क्षेत्र अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला कोसमंदी में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक संदीप साहू उपस्थित रहे। उत्सव के दौरान विद्यालय परिसर में बच्चों की चहल-पहल और उत्साह देखते ही बन रहा था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विधायक संदीप साहू ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर तथा नई पुस्तकें एवं गणवेश भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। स्कूल के पहले दिन विशेष स्वागत और अपने बीच विधायक को पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

 

सभा को संबोधित करते हुए विधायक संदीप साहू ने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिससे बच्चों का भविष्य उज्ज्वल होता है और समाज एवं राष्ट्र की प्रगति का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि आज जो बच्चे स्कूल की दहलीज पर कदम रख रहे हैं, कल वही देश के भविष्य का निर्माण करेंगे।

उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, क्योंकि शिक्षा में निरंतरता ही सफलता की पहली सीढ़ी है। बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि संस्कार एवं नैतिक शिक्षा भी मिलनी चाहिए, ताकि वे एक अच्छे और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

विधायक संदीप साहू ने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे सेवा भाव से बच्चों को तराशने का कार्य करें, क्योंकि शिक्षक ही विद्यार्थी के भविष्य का वास्तविक शिल्पकार होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के समर्पण और मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि क्षेत्र के होनहार विद्यार्थी जिज्ञासु वर्मा ने कक्षा 12वीं की परीक्षा में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में अभिभावक, ग्राम के गणमान्य नागरिक तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरा वातावरण शिक्षा के प्रति उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा। अंत में प्रधान पाठक ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here