INTUC के जिला अध्यक्ष शशांक दुबे द्वारा NTPC कोरबा में ठेका श्रमिकों को न्यूनतम वेतन का भुगतान नहीं किए जाने एवं विभिन्न श्रम कानूनों के उल्लंघन संबंधी शिकायत पर क्षेत्रीय श्रम आयुक्त (केंद्रीय), बिलासपुर के कार्यालय ने संज्ञान लेते हुए NTPC कोरबा प्रबंधन से तीन दिवस के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन एवं संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए हैं।
क्षेत्रीय श्रम आयुक्त (केंद्रीय) कार्यालय के अधीन Labour Enforcement Officer (Central) द्वारा जारी पत्र में NTPC प्रबंधन से शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर विस्तृत टिप्पणी, वेतन भुगतान संबंधी रिकॉर्ड तथा श्रम कानूनों के अनुपालन से जुड़े दस्तावेज तत्काल उपलब्ध कराने को कहा गया है।

शशांक दुबे ने कहा कि उनकी शिकायत में निम्न गंभीर मुद्दे उठाए गए हैं—
ठेका श्रमिकों को मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) द्वारा अधिसूचित न्यूनतम वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है।
श्रमिकों को B Area के अनुसार देय न्यूनतम वेतन के स्थान पर उससे भी कम भुगतान किया जा रहा है।
कई श्रमिकों को C Area के न्यूनतम वेतन से भी कम मजदूरी दी जा रही है।
श्रमिकों से सप्ताह में 48 घंटे से अधिक कार्य कराया जा रहा है।
अतिरिक्त कार्य के बावजूद ओवरटाइम का वैधानिक भुगतान नहीं किया जा रहा है।
वेतन की मांग करने पर श्रमिकों को कथित रूप से धमकाया एवं प्रताड़ित किया जा रहा है।
शशांक दुबे ने कहा कि Contract Labour (Regulation and Abolition) Act, 1970 के अनुसार यदि ठेकेदार न्यूनतम वेतन का भुगतान नहीं करता है तो Principal Employer (NTPC) की कानूनी जिम्मेदारी है कि वह श्रमिकों को नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करे। इसलिए NTPC इस मामले में अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता।
उन्होंने श्रम एवं रोजगार मंत्रालय तथा केंद्रीय श्रम आयुक्त से मांग की है कि केवल रिपोर्ट मांगने तक ही सीमित न रहकर NTPC कोरबा में संयुक्त निरीक्षण (Inspection) कराया जाए तथा यदि शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध Code on Wages, 2019, Contract Labour (Regulation and Abolition) Act, 1970 तथा अन्य लागू श्रम कानूनों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाए।
INTUC ने आशा व्यक्त की है कि केंद्रीय श्रम विभाग इस मामले में निष्पक्ष जांच कर ठेका श्रमिकों को उनका वैधानिक न्यूनतम वेतन, बकाया राशि, ओवरटाइम भुगतान तथा अन्य श्रम अधिकार सुनिश्चित करेगा।
जारीकर्ता:
शशांक दुबे
जिला अध्यक्ष, INTUC








