Home चर्चा में रघुनाथपुर में अवैध उर्वरक भंडारण पर बड़ी कार्रवाई: अघोषित गोदाम से 242...

रघुनाथपुर में अवैध उर्वरक भंडारण पर बड़ी कार्रवाई: अघोषित गोदाम से 242 बोरी यूरिया-डीएपी जब्त

3
0
(संवाददाता उमेश कुमार प्रजापति)
अंबिकापुर, 4 जून को खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने और जमाखोरी व कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विकासखंड लुण्ड्रा के ग्राम रघुनाथपुर स्थित एक अघोषित गोदाम से 242 बोरी उर्वरक जब्त किया है। कार्रवाई के बाद संबंधित विक्रेता के खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश और कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन में जिलेभर में उर्वरकों के अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कृषि विभाग की टीम ने उप संचालक कृषि पीतांबर सिंह दीवान के नेतृत्व में ग्राम रघुनाथपुर स्थित मेसर्स शुभम फर्टिलाइजर्स के अघोषित परिसर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर प्रदीप कुमार गुप्ता ने विभाग को बिना पूर्व सूचना दिए बड़ी मात्रा में उर्वरकों का भंडारण कर रखा था, जो उर्वरक नियंत्रण आदेश के प्रावधानों का उल्लंघन है। जांच में मौके से 148 बोरी यूरिया और 94 बोरी डीएपी (DAP) सहित कुल 242 बोरी उर्वरक बरामद हुए। कृषि विभाग ने तत्काल सभी उर्वरकों को जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में लिया तथा पंचनामा तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
उप संचालक कृषि पीतांबर सिंह दीवान ने कहा कि खरीफ सीजन में किसानों के हितों की सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उर्वरकों की जमाखोरी, कालाबाजारी, अवैध भंडारण या नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 एवं अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी उर्वरक विक्रय प्रतिष्ठानों, गोदामों और भंडारण स्थलों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। सभी विक्रेताओं को केवल विभाग द्वारा अनुमोदित एवं घोषित परिसरों में ही उर्वरकों का भंडारण करने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
कृषि विभाग ने किसानों से भी अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें। यदि कहीं अधिक कीमत वसूली, जमाखोरी या अवैध भंडारण जैसी कोई अनियमितता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here