देश के अधिकांश हिस्सों में रविवार को मानसूनी गतिविधियां और तेज हो गईं। मुंबई में भारी बारिश के कारण विमान परिचालन बाधित हुआ जबकि दिल्ली, केरल, ओडिशा और झारखंड में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी बारिश हुई है। इस मानसून में मुंबई पर सबसे तगड़ी मार पड़ी है, जहां रातभर हुई भारी बारिश के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब एक घंटे तक विमानों का परिचालन रोकना पड़ा।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को मुंबई के लिए ‘रेड अलर्ट’ बरकरार रखा है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। विमान परिचालन बाधित होने से कई उड़ानें प्रभावित हुईं, जिससे यात्रियों को विमानों के प्रस्थान में औसतन 75 मिनट और आगमन में कम से कम 28 मिनट की देरी का सामना करना पड़ा।
हालांकि, मौसम में सुधार के बाद एक घंटे के भीतर हवाई पट्टी पर परिचालन सामान्य कर दिया गया। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मुंबई के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों में 200 मिमी से अधिक और कुछ जगहों पर 300 मिमी तक बारिश दर्ज की गई है।
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हुई बारिश
दिल्ली के कई हिस्सों में रविवार को हुई मध्यम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दी। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 2.30 बजे तक छतरपुर में सबसे अधिक 49 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद गुरुग्राम में 35 मिमी, महरौली में 18 मिमी, ग्रेटर नोएडा में 17 मिमी, नजफगढ़ में 8 मिमी और जनकपुरी में 7 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने दिन के समय आमतौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है जबकि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
झारखंड में बारिश का येलो अलर्ट
उधर झारखंड में आईएमडी ने 6 से 9 जुलाई तक सभी 24 जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। सोमवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और रांची में भारी बारिश होने का अनुमान है।
केरल में भूस्खलन को लेकर जारी हुई चेतावनी
केरल के भी अधिकांश हिस्सों में रविवार को भारी बारिश हुई। इसके बाद कई क्षेत्रों में ‘ऑरेंज’ और ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 6 जुलाई (सोमवार) को कन्नूर और कासरगोड में 7 जुलाई (मंगलवार) को कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भूस्खलन, मिट्टी धंसने और अचानक आने वाली बाढ़ के प्रति संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को प्रशासन के निर्देशानुसार सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।








