संवाददाता: युसूफ खान
कुसमी, बलरामपुर।
वन मंडल बलरामपुर में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। वन मंडलाधिकारी आलोक कुमार वाजपेई (भारतीय वन सेवा) ने वन एवं वन्य प्राणियों के संरक्षण, संवर्धन तथा विभागीय कार्यों के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए वन मंडल के अंतर्गत कार्यरत बड़ी संख्या में अस्थायी कर्मचारियों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार यह प्रशासनिक फेरबदल वन क्षेत्रों में कार्यों की प्रभावी निगरानी, वन संरक्षण गतिविधियों में तेजी लाने तथा क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप मानव संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है। विभाग का मानना है कि इस कदम से वन प्रबंधन व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा वन एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कार्यों में अपेक्षित सुधार देखने को मिलेगा।

वन मंडलाधिकारी आलोक कुमार वाजपेई ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्थानांतरण आदेश का समयबद्ध पालन करते हुए अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर शीघ्र कार्यभार ग्रहण करें। साथ ही उन्होंने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, वन संरक्षण तथा वन्यजीव सुरक्षा के प्रति पूर्ण जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए हैं।
वन विभाग के इस निर्णय को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस व्यापक स्थानांतरण से वन मंडल बलरामपुर में कार्यों की गुणवत्ता, निगरानी व्यवस्था और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक गति आएगी।








