बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभागीय योजनाओं, जनहित के आवेदनों और विकास कार्यों की हुई विस्तृत समीक्षा
बीजापुर, 14 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्री विश्वदीप ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक किया जाए तथा पात्रतानुसार उन्हें लाभान्वित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने जनहित से जुड़े मांग एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर देते हुए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड तथा बैंकिंग सुविधाओं से अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीजी पोर्टल, कलेक्टर जनदर्शन, सुशासन तिहार तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
बैठक में जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हों तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल, श्री उत्तम पंचारी सहित जिले के सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी उपस्थित रहे।








