Home चर्चा में ब्रेकिंग न्यूज़ – बीजापुर जिला अस्पताल के सामने अज्ञात व्यक्ति का शव...

ब्रेकिंग न्यूज़ – बीजापुर जिला अस्पताल के सामने अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी

8
0

बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना

बीजापुर। जिला अस्पताल के मुख्य मार्ग के सामने एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, वहीं सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पहुंचकर जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, आसपास खेल रहे बच्चों ने सबसे पहले सड़क किनारे पड़े शव को देखा। बच्चों ने इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव काफी समय से घटनास्थल पर पड़ा हुआ था। लंबे समय तक खुले में पड़े रहने के कारण शव के चेहरे का कुछ हिस्सा कीड़ों और मक्खियों के प्रभाव से गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। इसी वजह से मृतक की पहचान करना फिलहाल संभव नहीं हो पाया है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी भेज दिया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई है तथा आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदगी की जानकारी भी खंगाली जा रही है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस अधिकारियों को सूचित करें, ताकि उसकी पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here